Saran News: मढ़ौरा चीनी मिल को लेकर वर्षों से चल रहे संघर्ष के बीच अब क्षेत्र में नई उम्मीद जगी है. गन्ना उद्योग विभाग द्वारा नई चीनी मिल की स्थापना के लिए तरैया अंचल की भूमि को प्राथमिकता देते हुए प्रस्ताव मांगे जाने के बाद इलाके में इसको लेकर चर्चा तेज हो गयी है. इस पहल के बाद मढ़ौरा चीनी मिल संघर्ष समिति के संयोजक एवं राजद नेता शैलेंद्र प्रताप सिंह को लगातार बधाइयां मिल रही हैं.
शैलेंद्र प्रताप सिंह ने मढ़ौरा चीनी मिल के पुनर्जीवन को लेकर लंबे समय से आंदोलन चलाया है. उन्होंने चीनी मिल को चालू कराने की मांग को कई मंचों पर मजबूती से उठाया और सरकार से लगातार पहल करने की मांग की. इस दौरान उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से भी मिलकर चीनी मिल को फिर से शुरू कराने तथा क्षेत्र के किसानों के हित में आवश्यक कदम उठाने की मांग रखी थी.
मुख्यमंत्री से मिलकर सौंपा था ज्ञापन
मढ़ौरा विधायक एवं पूर्व मंत्री जितेंद्र कुमार राय के साथ शैलेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर मढ़ौरा चीनी मिल से जुड़े मुद्दों को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा था. इस दौरान मुख्यमंत्री ने मामले में सकारात्मक पहल का भरोसा दिया था. अब गन्ना उद्योग विभाग की ओर से तरैया क्षेत्र में नई चीनी मिल की स्थापना के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया शुरू किए जाने को क्षेत्र के लोग उसी दिशा में आगे बढ़ता कदम मान रहे हैं.
किसानों और कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
चीनी मिल मामले में नई पहल का श्रेय शैलेंद्र प्रताप सिंह के संघर्ष को देते हुए तरैया और आसपास के क्षेत्रों के किसान, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं. लोगों का कहना है कि वर्षों तक लगातार उठाई गयी मांग और संघर्ष का परिणाम अब सामने आने लगा है.
बधाई देने वालों में अमरनाथ सिंह, विनोद मांझी, अखिलेश यादव, तरैया राजद प्रखंड अध्यक्ष अलाउद्दीन कादरी, अरविंद कुमार सिंह, पैक्स अध्यक्ष नागेंद्र राय, विपिन सिंह, अमेरिका कुशवाहा, जसवंत सिंह सहित अन्य लोग शामिल हैं.
चीनी मिल खुलने से किसानों और युवाओं को मिलेगा लाभ
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि नई चीनी मिल की स्थापना होती है या मढ़ौरा चीनी मिल से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ती है तो इसका सीधा लाभ गन्ना किसानों को मिलेगा. इससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर बाजार मिलेगा, वहीं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. लोगों को उम्मीद है कि चीनी उद्योग के विकास से पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी.
