Chhapra News: बिहार विधान परिषद की सदस्यता से एमएलसी देवेश कुमार द्वारा पद त्याग करने को तरैया विधायक जनक सिंह ने पार्टी हित में अनूठी मिसाल बताया है. बिहार विधानसभा की याचिका समिति के सभापति सह तरैया विधायक जनक सिंह ने प्रभात खबर को बताया कि जो मनुष्य दूसरों के कल्याण व कार्यसिद्धि के लिए अपना स्वार्थ और पद का त्याग करता है, इस समय उसके जैसा महान व्यक्ति आज के परिवेश में मिलना मुश्किल है.
पार्टी हित में पद का समर्पण
विधायक जनक सिंह ने कहा कि एमएलसी देवेश कुमार ने राजनीति के कोलाहल में व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर अपने कर्तव्य और सामूहिक हित में पद का समर्पण करके पार्टी हित में महान व्यक्तित्व का परिचय दिया है तथा एक अमिट पहचान छोड़ी है.
उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सत्य और धर्म का त्याग नहीं करते तथा परोपकार और जनहित में अपना जीवन समर्पित करते हैं, वे ही महान लोग यश के भागी बनते हैं.
विधायक ने दिया साधुवाद
देवेश कुमार के एमएलसी पद पार्टी हित में त्यागने पर विधायक जनक सिंह ने अपनी तथा पार्टी की तरफ से उन्हें साधुवाद दिया है.
विधायक जनक सिंह ने कहा कि देवेश कुमार के पद त्याग के बाद बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश को अब उच्च सदन में समायोजित करने में पार्टी को परेशानी नहीं होगी.
रिक्ति की सूचना लोकभवन को दी जायेगी
विधायक जनक सिंह ने कहा कि देवेश कुमार का इस्तीफा स्वीकार करते हुए इस सीट की रिक्ति की सूचना लोकभवन को दी जायेगी. उसके बाद राज्यपाल की ओर से बिहार विधान परिषद के सदस्य के रूप में दीपक प्रकाश मनोनीत किये जायेंगे.
Also Read: मढ़ौरा में रातभर गूंजे मोहम्मद रफी के तराने, बिहार-झारखंड के गायकों ने बांधा समां
