समस्तीपुर से प्रकाश कुमार की रिपोर्ट
Samastipur News: राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा का परिणाम जारी होते ही समस्तीपुर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है.इस वर्ष जिले के 121 सरकारी स्कूलों के कुल 216 मेधावी विद्यार्थियों ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर छात्रवृत्ति के लिए अपनी जगह पक्की की है.केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली इस वित्तीय सहायता से अब ये होनहार छात्र बिना किसी आर्थिक बाधा के अपनी आगे की शिक्षा को और बेहतर बना सकेंगे.
ग्रामीण प्रतिभाओं का शानदार जलवा
जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि इस बार ग्रामीण परिवेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों ने कमाल कर दिया है.ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों ने जिले की टॉप 10 सूची में स्थान प्राप्त कर यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी संसाधनों की मोहताज नहीं होती.इस ऐतिहासिक सफलता के बाद से ही स्कूलों में मिठाई बांटने और बधाई देने का सिलसिला लगातार जारी है.
सालाना मिलेंगे 12 हजार रुपये
इस योजना के तहत सफल रहने वाले सभी छात्र-छात्राओं को केंद्र सरकार की ओर से कक्षा 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई के लिए ₹12,000 सालाना (यानी ₹1,000 प्रति माह) की छात्रवृत्ति मिलेगी.जिला कार्यक्रम पदाधिकारी माध्यमिक प्रेम शंकर झा ने इसे समस्तीपुर के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया.उन्होंने कहा कि यह शानदार परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, उनके अभिभावकों के त्याग और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का ही प्रतिफल है.
ऐसा रहा परीक्षा और कटऑफ का गणित
यह परीक्षा दो चरणों में आयोजित की गई थी, जिसमें 90 अंकों की मानसिक योग्यता और 90 अंकों की शैक्षणिक योग्यता परीक्षा शामिल थी.इस बार श्रेणीवार कटऑफ की बात करें, तो सामान्य वर्ग का कटऑफ 122 अंक, पिछड़ा वर्ग 115 अंक, अत्यंत पिछड़ा वर्ग 113 अंक, अनुसूचित जाति 111 अंक व आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) का कटऑफ 96 अंक रहा.
