समस्तीपुर के मोरवा से मनोज वर्मा की रिपोर्ट
समस्तीपुर: ताजपुर थाना क्षेत्र की हरपुर भिंडी पंचायत के वार्ड-1 में शनिवार देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब चार लाख रुपये के जेवर और नकदी की चोरी कर ली. पीड़ित रूपेश राय के परिवार ने ताजपुर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.
परिजनों ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण शनिवार रात सभी लोग दरवाजे पर देर तक बैठे रहे. इसके बाद सोने चले गए. रविवार सुबह उठने पर कमरे में रखा ट्रंक टूटा मिला और उसमें रखे जेवर व नकदी गायब थे. घटना के बाद परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है. उनका कहना है कि वर्षों की जमा-पूंजी एक ही रात में चोरी हो गई.
लगातार बढ़ रहे अपराध से दहशत में लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि ताजपुर थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है. पिछले एक महीने में दो हत्याएं, कई फायरिंग और लूटपाट की घटनाएं हो चुकी हैं. निकसपुर कॉलेज परिसर में स्थापित पुलिस पिकेट के बावजूद अपराध पर प्रभावी नियंत्रण नहीं दिख रहा है.
पुलिस ने जांच शुरू की
पुलिस का कहना है कि चोरी की घटना की जांच शुरू कर दी गई है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि पूर्व की घटनाओं का खुलासा नहीं होने से अपराधियों के हौसले बढ़े हैं.
