पटना से आनंद तिवारी की रिपोर्ट
PMCH NEET-UG 2026 : पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) के 88 एमबीबीएस छात्र स्वास्थ्य विभाग की जांच के दायरे में आ गए हैं. नीट-यूजी 2026 परीक्षा के दौरान कॉलेज परिसर में अनुपस्थित पाए जाने के बाद विभाग ने इन छात्रों की पूरी जानकारी पीएमसीएच प्रशासन से मांगी है. कॉलेज प्रशासन ने छात्रों की सूची, रोल नंबर और अन्य आवश्यक विवरण स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध करा दिए हैं.
नीट परीक्षा के दौरान कॉलेज में रहने का था निर्देश
जानकारी के अनुसार 21 जून को आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा के दौरान स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर PMCH प्रशासन ने सभी एमबीबीएस छात्रों को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक कॉलेज परिसर में उपस्थित रहने का आदेश दिया था. इस अवधि में चिकित्सा विषयक सेमिनार का भी आयोजन किया गया था. इसके बावजूद 88 छात्र परिसर में अनुपस्थित पाए गए.
2024 बैच के सबसे ज्यादा छात्र रहे नदारद
PMCH सूत्रों के अनुसार अनुपस्थित छात्रों में सबसे अधिक 2024 बैच के 39 छात्र शामिल हैं. इसके अलावा 2023 बैच के 19 छात्र भी कॉलेज परिसर से गायब मिले. सूची में 2022, 2023, 2024 और 2025 सत्र के छात्र शामिल हैं. कई छात्रों ने अनुपस्थिति का कोई कारण भी नहीं बताया.
छात्रों को जारी किया गया कारण बताओ नोटिस
कॉलेज प्रशासन ने सभी अनुपस्थित छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. हालांकि अब तक केवल तीन-चार छात्रों ने ही नोटिस का जवाब दिया है. अधिकांश छात्रों की ओर से कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है.
अभिभावकों से भी मांगा जाएगा जवाब
स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर अब पीएमसीएच प्रशासन छात्रों के अभिभावकों से भी संपर्क करेगा. अभिभावकों को छात्रों की अनुपस्थिति की जानकारी देने के साथ कारण बताओ नोटिस भी भेजा जाएगा. इसके लिए विभाग ने छात्रों के नामांकन से संबंधित पीडीएफ दस्तावेज और अनुपस्थिति का पूरा ब्यौरा मांगा है.
विभाग की नजर आगे की कार्रवाई पर
स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की गंभीरता से समीक्षा कर रहा है. छात्रों और उनके अभिभावकों से प्राप्त जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. विभाग यह भी जांच कर रहा है कि निर्धारित आदेश के बावजूद छात्र कॉलेज परिसर से अनुपस्थित क्यों रहे.
इसे भी पढ़ें : भरत तिवारी मामले में न्याय की मांग को लेकर करणी सेना का महापंचायत, कई राज्यों से हजारों की संख्या में पहुंचे समर्थक
