मसौढ़ी में फंदे से झूलती मिली विवाहिता, गंभीर हालत में पटना रेफर; हत्या की आशंका में दिनभर उलझी रही पुलिस

धनरूआ थाना क्षेत्र के छाती गांव में एक विवाहिता फंदे से झूलती पाई गई। समय रहते जान बच गई, लेकिन हालत गंभीर है। मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताई थी, पर सच्चाई कुछ और निकली।

Patna Domestic Dispute: पटना जिले के धनरूआ थाना क्षेत्र स्थित छाती गांव में गुरुवार को एक विवाहिता फंदे से झूलती मिली. समय रहते परिजनों की नजर पड़ने से उसकी जान बच गई, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया, जहां एक निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है.

पारिवारिक विवाद के बाद आत्महत्या के प्रयास की आशंका

जानकारी के अनुसार छाती गांव निवासी गुड्डू कुमार की 28 वर्षीय पत्नी रेणु कुमारी ने दोपहर में घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया. परिजनों ने उसे बेहोशी की हालत में फंदे से उतारकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया. मसौढ़ी के एक निजी नर्सिंग होम में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया.

मायके में मौत की सूचना से मचा हड़कंप

घटना की जानकारी जब मसौढ़ी थाना क्षेत्र के धन्नीचक स्थित विवाहिता के मायके पहुंची तो वहां हड़कंप मच गया. परिजन तत्काल छाती गांव पहुंचे. इस दौरान ग्रामीणों से मिली अधूरी जानकारी और बेटी से संपर्क नहीं होने के कारण उन्हें उसकी मौत की आशंका हो गई.

हत्या और शव गायब करने की जताई आशंका

बेटी के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर मायके पक्ष के लोग धनरूआ थाना पहुंचे और पुत्री की हत्या कर शव गायब कर देने की आशंका जताई. शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और वास्तविक स्थिति जानने में जुट गई.

देर शाम सामने आई सच्चाई

मायके वालों की शिकायत के बाद धनरूआ पुलिस पूरे दिन मामले की सच्चाई का पता लगाने में लगी रही. काफी प्रयास के बाद देर शाम पुलिस को जानकारी मिली कि विवाहिता जीवित है और पटना के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. इसके बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली.

आवेदन मिलने पर होगी आगे की कार्रवाई

धनरूआ थानाध्यक्ष ने बताया कि विवाहिता का इलाज जारी है. अब तक मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ajay kumar masaurhi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >