Patna News : पटना जिले के सिंगोड़ी थाना में अजय मांझी की मौत के मामले में लोजपा का एक प्रतिनिधिमंडल चेनारी विधायक मुरारी गौतम के नेतृत्व में महकार थाना क्षेत्र के कुड़वा बाजार पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल ने मृतक की पत्नी काजू देवी से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली.
पत्नी ने हिरासत में मौत का लगाया आरोप
काजू देवी ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि अजय मांझी की मौत पुलिस हिरासत में हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम से संबंधित कागजात पर हस्ताक्षर कराने के नाम पर उनसे फर्द बयान पर जबरन हस्ताक्षर करा लिया गया, जिसमें घटना को आत्महत्या का रूप दिया गया है.
काजू देवी के अनुसार, अजय मांझी भट्ठा मालिक श्याम कुमार उर्फ पंडित जी के कब्जे से निकलकर भागे थे. इसके बाद पालीगंज थाना पुलिस ने उन्हें पकड़ा और सिंगोड़ी थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया था.
Also Read : 15 वर्षीय किशोरी ने चौकीदार समेत 10-12 लोगों पर लगाया छेड़खानी और मारपीट का आरोप
पुलिसकर्मी पर पैसे मांगने का आरोप
मृतक की पत्नी का आरोप है कि सिंगोड़ी थाना के मुंशी ने फोन पर उनसे पैसे की मांग की थी. इसी बीच तड़के करीब तीन बजे अजय मांझी की मौत की सूचना मिली. काजू देवी ने पुलिस और भट्ठा मालिक की संलिप्तता की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
विधायक ने वरीय पुलिस अधिकारी से की बात
मौके पर विधायक मुरारी गौतम ने वरीय पुलिस अधिकारी से दूरभाष पर बातचीत की. अधिकारी ने काजू देवी से हस्तलिखित आवेदन लेने की बात कही. काजू देवी ने यह भी बताया कि उनके पति रजरप्पा जाने के लिए दो युवकों के साथ निकले थे, लेकिन दोनों युवक अब तक उनसे मिलने नहीं आए हैं.
पांच पुलिसकर्मी पहले ही हो चुके हैं निलंबित
इस मामले में सिंगोड़ी थाना के पांच पुलिसकर्मियों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है. अब मृतक की पत्नी द्वारा पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग से मामला और गरमा गया है.
प्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे मौजूद
प्रतिनिधिमंडल में लोजपा नेता सुनील यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार, राजू सिंह समेत अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
Also Read : गोपालगंज में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, 25 लाख से अधिक के जेवर और सामान लेकर हुए फरार
