Patna Crime : धनरुआ थाना क्षेत्र के दरधा नदी पुल के पास 24 जून को सब्जी व्यवसायी से चेन लूटने और विरोध करने पर गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है. जांच के दौरान मार्च महीने में इसी स्थान पर हुई चेन लूट की एक अन्य घटना का भी खुलासा हुआ है.
सब्जी कारोबारी को गोली मारकर लूटी थी चेन
गौरतलब है कि 24 जून को अरवल जिले के कोछिया निवासी एवं पटना में सब्जी का व्यवसाय करने वाले गोप कुमार से बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियार के बल पर चेन लूट ली थी. विरोध करने पर बदमाशों ने गोप कुमार के पैर में गोली मार दी थी, जिससे वह घायल हो गए थे.
मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार
नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलजा ने बताया कि सात जुलाई को छापेमारी कर वैशाली जिले के करमोपुर निवासी मुख्य आरोपी राजेश कुमार उर्फ राहुल सिंह को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में उसने 24 जून की वारदात के साथ-साथ मार्च महीने में दरधा पुल के पास हुई चेन लूट की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की.
उसकी निशानदेही पर लूट की घटना में प्रयुक्त बाइक, हथियार और फर्जी नंबर प्लेट उपलब्ध कराने वाले वैशाली जिले के खाजपुर बस्ती निवासी मुन्ना उर्फ मुकुट यादव को गिरफ्तार किया गया. इसके बाद लूटी गई चेन को गलाकर खरीदने वाले बेगूसराय जिले के बारो निवासी आभूषण विक्रेता सूरज कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
फर्जी नंबर प्लेट, हथियार और सोना बरामद
पुलिस ने छापेमारी के दौरान 16 फर्जी नंबर प्लेट, 10 मोबाइल फोन, दो काले हेलमेट, एक बाइक, दो डिजिटल तराजू, सोने जैसा हनुमानजी का लॉकेट, गलाकर तैयार किया गया 6.64 ग्राम सोने जैसा धातु, एक जोड़ी जूता तथा अन्य सामान बरामद किया है.
मुख्य आरोपी पर छह आपराधिक मामले दर्ज
सिटी एसपी (पूर्वी) शैलजा ने बताया कि मुख्य आरोपी राजेश कुमार उर्फ राहुल सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ मसौढ़ी, धनरुआ, पुनपुन, राजापाकड़, मुसरीधारी एवं मुफस्सिल थानों में लूट समेत विभिन्न मामलों के कुल छह आपराधिक मामले दर्ज हैं. उन्होंने बताया कि इस गिरोह के एक अन्य आरोपी की पहचान कर ली गई है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
Also Read: बांकीपुर बचाने खुद उतरेंगे नितिन नवीन, पटना आकर बनाएंगे बीजेपी की जीत का प्लान
