एजेंसी ने नहीं चुकाया ऑटो-टीपर का किराया, ऑडिट में हुआ खुलासा

कंकड़बाग अंचल के अधिकारियों ने निगम को राजस्व का नुकसान करा कर निजी एजेंसी निश्का को लाभ पहुंचाया.
पटना : कंकड़बाग अंचल के अधिकारियों ने निगम को राजस्व का नुकसान करा कर निजी एजेंसी निश्का को लाभ पहुंचाया. यह खुलासा महालेखाकार की ऑडिट रिपोर्ट से हुआ है. महालेखाकार ने अपने ऑडिट रिपोर्ट में कहा कि डोर-टू-डोर कलेक्शन को लेकर चयनित एजेंसी को किराये पर ऑटो-टीपर दिया गया. किराये की सेवा-शर्त के अनुसार एजेंसी ऑटो-टीपर लौटाती है, तो मूल स्वरूप में लौटायेगी. लेकिन, निगम प्रशासन ने न ही ऑटो-टीपर का किराया वसूला और न ही मूल स्वरूप में वाहन वापस लिया. इससे निगम को करीब पांच लाख रुपये राजस्व की क्षति हुई है.
अंचल कार्यालय की ओर से एजेंसी को किराये पर 22 ऑटो-टीपर दिये गये. एजेंसी के साथ अनुबंध रद्द होने के बावजूद इसका फाइल में उल्लेख नहीं है. हालांकि मार्च, 2018 तक एजेंसी को भुगतान किया गया है.
लेकिन, एजेंसी की ओर से जुलाई, 2018 में 13 और जनवरी, 2019 में तीन वाहन लौटाये गये, जिसका सत्यापन निगम अधिकारियों व कर्मियों की ओर से नहीं किया गया है. इन वाहनों के मेंटेनेंस पर 4.68 लाख रुपये का बिल प्राप्त है, जिसमें 1.64 लाख रुपये का भुगतान किया गया है. वहीं, इन वाहनों का किराया 1.23 लाख रुपये एजेंसी से वसूल करना था, जो नहीं किया गया.
महालेखाकार ने तीन बिंदुओं पर आपत्ति जाहिर करते हुए नगर आयुक्त से जवाब मांगा है. ऑडिट रिपोर्ट की आपत्ति पर नगर आयुक्त ने अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी से जवाब मांगा है, ताकि महालेखाकार को जवाब भेजा जा सके. निगम अधिकारी ने बताया कि निजी एजेंसी को किये भुगतान व वाहन लौटाने में अनदेखी पर आपत्ति जतायी गयी है. आपत्ति को लेकर संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




