ककोलत के प्रतिबंधित अमझर कुंड में हादसा: IIT रुड़की का बीटेक छात्र डूबकर लापता, तलाश जारी

नवादा जिले के ककोलत जलप्रपात से सटे प्रतिबंधित अमझर कुंड में स्नान के दौरान एक बीटेक छात्र गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया. युवक आईआईटी रूड़की में बीटेक का छात्र है. पुलिस, वन विभाग और गोताखोरों की टीम उसकी तलाश में जुटी है.

Nawada News (जावेद नजफ की रिपोर्ट): नवादा जिले के गोविंदपुर प्रखंड अंतर्गत थाली थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध ककोलत जलप्रपात के समीप स्थित प्रतिबंधित अमझर कुंड में मंगलवार की शाम दर्दनाक हादसा हो गया. स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबने से बीटेक छात्र धर्मराज उर्फ बिशु लापता हो गया. युवक की पहचान वारसलीगंज थाना क्षेत्र के बेलधा गांव निवासी हेमंत राज के 20 वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है.

दोस्तों के साथ घूमने पहुंचा था युवक

जानकारी के अनुसार धर्मराज अपने दो दोस्तों आनंद कुमार और अमित कुमार के साथ नवादा के बुधौल स्थित घर से ककोलत जलप्रपात घूमने आया था. मंगलवार होने के कारण ककोलत जलप्रपात बंद था. इसके बाद तीनों दोस्तों ने प्रतिबंधित अमझर कुंड में स्नान करने का फैसला किया.

जंगल के रास्ते पहुंचे प्रतिबंधित कुंड तक

बताया गया कि तीनों युवक बाइक खड़ी कर जंगल के संकीर्ण और पथरीले रास्ते से पैदल आगे बढ़े. लगभग डेढ़ किलोमीटर कठिन रास्ता तय करने के बाद वे सबसे ऊंचाई वाले तीसरे कुंड तक पहुंचे. यह इलाका घने जंगल और खतरनाक रास्तों के कारण पहले से प्रतिबंधित घोषित है.

गहराई का अंदाजा नहीं लगने से हुआ हादसा

स्नान के दौरान कुंड की अधिक गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने से धर्मराज अचानक पानी में डूब गया. उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद दोनों युवक भागकर वन विभाग और थाली थाना पुलिस को सूचना देने पहुंचे.

पुलिस और गोताखोरों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही थाली थाना पुलिस, वन विभाग की टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे. देर शाम तक युवक की तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा. बुधवार सुबह फिर से पुलिस, फॉरेंसिक टीम और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया.

IIT रुड़की में बीटेक का छात्र है धर्मराज

लापता युवक के चाचा संजीव कुमार ने बताया कि तीनों दोस्त बचपन के मित्र थे और दसवीं तक साथ में पढ़ाई की थी. वर्तमान में एक दोस्त एमबीबीएस की तैयारी कर रहा है, जबकि दूसरा इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है. धर्मराज आईआईटी रुड़की से बीटेक की पढ़ाई कर रहा है. उसके पिता केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स में कार्यरत हैं और फिलहाल असम में तैनात हैं.

प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने से हुआ हादसा

थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ है, उसे प्रशासन पहले से प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित कर चुका है. बावजूद इसके युवक वहां स्नान करने चले गए. वन विभाग के फॉरेस्टर शैलेंद्र कुमार ने बताया कि तीनों युवक अमझर के सबसे ऊंचाई वाले प्रतिबंधित कुंड में पहुंचे थे, जहां जाना बेहद खतरनाक माना जाता है.

SDRF टीम बुलाई गई

खबर लिखे जाने तक युवक की तलाश जारी थी. प्रशासन ने पटना से SDRF टीम को भी बुलाया है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में चिंता का माहौल बना हुआ है.

Also Read: बस के ब्रेक मारने से पीछे से टकराया ट्रक, बाल-बाल बचे चालक-खलासी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Pandey

विवेक पाण्डेय टीवी चैनल के माध्यम से पिछले 7 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हूं . करियर की शुरुआत Network 10 National News Channel से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहा हूं. देश और राज्य की राजनीति, कृषि और शिक्षा में रुचि रखता हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >