Munger News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत रविवार की देर शाम तीन दिवसीय प्रवास पर मुंगेर पहुंचे. उनके आगमन के साथ ही शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. मुंगेर के सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में चल रहे कार्यकर्ता विकास वर्ग में वे 10 जून तक विभिन्न सत्रों में स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करेंगे.
मुंगेर में क्यों पहुंचे हैं मोहन भागवत?
मुंगेर के पुरानीगंज स्थित सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में 23 मई से 12 जून तक कार्यकर्ता विकास वर्ग (प्रथम वर्ष) का आयोजन किया जा रहा है. यह संघ का महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम माना जाता है, जिसमें बिहार और झारखंड से आए 127 शिक्षार्थी भाग ले रहे हैं. प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को संघ की कार्यपद्धति, संगठनात्मक संरचना, शारीरिक प्रशिक्षण और वैचारिक विषयों की जानकारी दी जा रही है.
राष्ट्र निर्माण और सामाजिक समरसता पर रहेगा फोकस
संघ सूत्रों के अनुसार, अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान मोहन भागवत स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे. उनके भाषणों में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, संगठन विस्तार और वर्तमान सामाजिक चुनौतियों जैसे विषय प्रमुख रहेंगे. संघ के कई केंद्रीय पदाधिकारी भी इस दौरान प्रशिक्षण वर्ग में मौजूद रहेंगे.
आगमन पर हुआ भव्य स्वागत
रविवार देर शाम कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर स्वयंसेवकों और संघ कार्यकर्ताओं ने मोहन भागवत का स्वागत किया. उनके स्वागत को लेकर परिसर में विशेष तैयारियां की गई थीं. संघ कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर खासा उत्साह देखा गया.
प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट
मोहन भागवत के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. जिलाधिकारी निखिल धनराज, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद और सदर एसडीओ कुमार अभिषेक सहित प्रशासनिक अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे. परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा पूरे कार्यक्रम पर निगरानी रखी जा रही है.
Also Read:बिहार के सरकारी अफसरों को मिला ‘पिकनिक’ का सरकारी टास्क, हर 3 महीने में परिवार संग घूमना अनिवार्य
