Madhubani News: बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के विशे लडूंगामा गांव में शुक्रवार को तालाब में डूबने से एक 22 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई. मृतक की पहचान भगवतीपुर गांव के वार्ड संख्या-11 निवासी सुरेंद्र राम के पुत्र मिथुन राम के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है.
Benipatti News: स्नान के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार मिथुन राम विशे लडूंगामा गांव में एक राजमिस्त्री के साथ मजदूरी का काम करता था. शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे वह प्राथमिक विद्यालय विशे लडूंगामा परिसर के पास स्थित तालाब में स्नान करने गया. इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया.
स्थानीय लोगों ने बचाने का किया प्रयास
तालाब के सामने स्थित नाश्ते की दुकान संचालक ने युवक को डूबते देख शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकालने का प्रयास किया. घटना की सूचना बेनीपट्टी थाना पुलिस को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
तालाब से बाहर निकाले जाने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया. स्थानीय लोगों ने बताया कि विद्यालय से सटे इस तालाब में अक्सर कचरा जमा रहता है, जिसके कारण गांव के लोग वहां स्नान नहीं करते हैं.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया गया कि मिथुन राम चार भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था. उसकी अभी शादी नहीं हुई थी. मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें: मधुबनी में अवैध नर्सिंग होम और अल्ट्रासाउंड सेंटर पर होगी कार्रवाई, सीएस ने गठित किया धावा दल
