Madhubani News: उत्क्रमित मध्य विद्यालय (उमवि) बथनाहा के पांचवीं कक्षा के छात्र की तालाब में डूबने से मौत के बाद लगातार दूसरे दिन भी विद्यालय परिसर में संचालित तीनों शिक्षण संस्थानों में पठन-पाठन ठप रहा. शनिवार को भी विद्यालयों में ताला लटका रहा.
छात्र लौटे निराश
विद्यालय पहुंचे बच्चे कक्षाओं में ताला देखकर वापस घर लौट गए. लगातार दूसरे दिन पढ़ाई नहीं होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है.
ग्रामीणों ने विरोध से किया इनकार
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना गुरुवार की है. इसके बाद से शिक्षक विद्यालय नहीं आ रहे हैं. ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि उनकी ओर से शिक्षकों पर किसी प्रकार का दबाव या विरोध नहीं है. इसके बावजूद विद्यालय बंद रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है.
प्रधानाध्यापक ने बतायी वजह
उमवि बथनाहा के प्रधानाध्यापक राम नरेश यादव ने बताया कि छात्र की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है. इसी कारण शिक्षक विद्यालय आने में भय महसूस कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी विभागीय अधिकारियों को दे दी गई है. विभाग से मिलने वाले निर्देश के अनुसार आगे विद्यालय का संचालन किया जाएगा.
प्रभारी प्रधानाचार्य से नहीं हो सका संपर्क
उच्च माध्यमिक विद्यालय ब्रह्मपुरा-बथनाहा के प्रभारी प्रधानाचार्य से संपर्क करने का प्रयास किया गया. लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
गुरुवार को विद्यालय से सटे तालाब में पांचवीं कक्षा के छात्र की डूबने से मौत हो गई थी. घटना के बाद विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. एक ही परिसर में आंगनबाड़ी केंद्र, मध्य विद्यालय और उच्च माध्यमिक विद्यालय संचालित होने के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने की बात सामने आ रही है.
अभिभावकों में असमंजस
लगातार दूसरे दिन भी तीनों संस्थानों के बंद रहने से बच्चों की पढ़ाई बाधित रही. वहीं, अभिभावकों में भी विद्यालय खुलने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है.
