Kaimur News : कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह का एक मामला सामने आया है. चैनपुर थाना क्षेत्र की एक बालिग युवती ने रामगढ़ गांव के युवक के साथ जिले के प्रसिद्ध धरती माता मंदिर में विवाह कर लिया. शादी के बाद दोनों स्वयं भगवानपुर थाना पहुंचे, जहां युवती ने पुलिस के समक्ष अपनी इच्छा से शादी करने और पति के साथ रहने की बात कही.
कई महीनों से चल रहा था प्रेम संबंध
पुलिस के अनुसार युवती और रामगढ़ निवासी युवक के बीच कई महीनों से प्रेम संबंध था. दोनों एक-दूसरे से मिलते-जुलते थे और बाद में मंदिर में विवाह कर लिया.
माता-पिता पहुंचे थाना, जताई नाराजगी
घटना की जानकारी मिलने पर युवती के माता-पिता भी भगवानपुर थाना पहुंचे. उन्होंने प्रेम विवाह पर नाराजगी जताते हुए पुलिस के समक्ष अपनी बात रखी और बेटी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवती अपने निर्णय पर कायम रही.
'अपनी मर्जी से की शादी'
युवती ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी इच्छा से युवक के साथ विवाह किया है और वह अपने पति के साथ ही रहना चाहती है. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत युवती को न्यायालय में बयान दर्ज कराने के लिए भेज दिया.
पुलिस ने बताई कानूनी स्थिति
थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार युवती बालिग है. उसे दंड प्रक्रिया के तहत न्यायालय में बयान के लिए प्रस्तुत किया गया है. न्यायालय के आदेश के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
