Kaimur News: बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (पटना) के निर्देश और जिला विधिक सेवा प्राधिकार (कैमूर) के तत्वावधान में शुक्रवार को जिला अधिवक्ता संघ, भभुआ के सभागार भवन में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थायी लोक अदालत के कानूनी प्रावधानों का प्रचार-प्रसार करना और आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाना था.
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रवींद्र नाथ चौबे ने की, जबकि मंच संचालन कार्यकारी महासचिव/सचिव विकास कुमार शर्मा द्वारा किया गया.
बिना अदालती चक्कर और कम खर्च में मिलेगा त्वरित न्याय: सुजीत कुमार सिंह
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह ने अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्थायी लोक अदालत आम जनता और वादकारियों को सुलभ, त्वरित और सस्ता न्याय दिलाने का एक बेहद सशक्त माध्यम है.
उन्होंने बताया कि बिजली, पेयजल, डाक, संचार, परिवहन, बैंकिंग, बीमा, अस्पताल और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी सार्वजनिक जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों को बिना किसी जटिल कानूनी प्रक्रिया और आर्थिक बोझ के सौहार्दपूर्ण माहौल में सुलझाया जा सकता है.
राष्ट्रीय लोक अदालत के फैसलों के खिलाफ नहीं होती अपील: डॉ. शैल
विशिष्ट अतिथि सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार कैमूर के सचिव डॉ. शैल ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में शमनीय आपराधिक वाद, बैंक लोन रिकवरी, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT), वैवाहिक व पारिवारिक विवाद और दीवानी मुकदमों का आपसी सहमति से अंतिम निष्पादन किया जाता है.
उन्होंने जोर देकर कहा कि यहाँ निपटाए गए मामलों में नियमानुसार कोर्ट फीस वापस होती है और इसके निर्णयों के खिलाफ कोई अपील नहीं होती, जिससे दोनों पक्षों का समय, पैसा और मानसिक तनाव बचता है.
अधिवक्ता संघ निभाएगा ऐतिहासिक भूमिका
जिला अधिवक्ता संघ भभुआ के अध्यक्ष रवींद्र नाथ चौबे ने कहा कि संघ हमेशा से सुलभ और त्वरित न्याय का समर्थक रहा है. उन्होंने विश्वास दिलाया कि अधिवक्ता संघ का प्रत्येक सदस्य आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने में पूरी निष्ठा से अपना योगदान देगा.
इस मौके पर राम बहादुर पासवान, अशोक कुमार सिंह, अक्षय कुमार चौबे, ज्ञान सिंह, दाऊजी, मारकंडेय सिंह, विजयमल श्रीवास्तव, निरंजन कुमार सिंह, बबलू प्रसाद, जी. पी. गुप्ता, राजेश्वर तिवारी, हृदयल और कृष्ण कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे.
Also Read: करकटगढ़ जलप्रपात घूमने गए युवक से मारपीट का आरोप, वन विभाग कार्यालय पहुंच लगाई न्याय की गुहार
