Hajipur News : हाजीपुर में बुधवार सुबह करीब नौ बजे से रुक-रुक कर हल्की बारिश का सिलसिला जारी है. आसमान में घने बादल छाए हैं और दिन में भी अंधेरा जैसा माहौल बना हुआ है. बीच-बीच में बिजली चमकने से लोग सहमे हुए हैं. हालांकि अब तक तेज बारिश नहीं हुई है, लेकिन लगातार हो रही फुहारों ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है.
फिसलन बढ़ने से बढ़ी परेशानी
बारिश के कारण सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है. सुबह से ही लोग जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं, जिसका असर शहर की सामान्य गतिविधियों पर भी देखा जा रहा है.
प्रमुख बाजारों में छाया सन्नाटा
लगातार बारिश के कारण राजेंद्र चौक, गुदरी बाजार, सिनेमा रोड, गांधी चौक, कचहरी रोड और हॉस्पिटल रोड समेत प्रमुख बाजारों में सुबह से ही सन्नाटा पसरा रहा. दुकानदार ग्राहकों के इंतजार में बैठे रहे, जबकि बाजारों में सामान्य दिनों जैसी चहल-पहल नहीं दिखी. व्यापारियों का कहना है कि बारिश के चलते ग्राहकों की आवाजाही काफी कम हो गई है, जिससे कारोबार प्रभावित हुआ है. इस दौरान केवल बरसाती और छातों की दुकानों पर ही कुछ खरीदारी देखने को मिली.
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने वैशाली जिले के हाजीपुर, महनार, पातेपुर और जंदाहा के लिए चेतावनी जारी करते हुए 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना जताई है. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है. फिलहाल शहर में हल्की बारिश का सिलसिला जारी है और मौसम पूरी तरह बदला हुआ है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
