Commonwealth Games 2026, धर्मनाथ: राष्ट्रमंडल खेल में बिहार के गया जिले के निवासी सोमन राणा ने स्वर्ण पदक जीत कर इतिहास रच दिया है. सोमन राणा ने पैरा शॉट पुट एफ57 स्पर्धा में 13.40 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता है. बिहार पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ शिवाजी कुमार ने बताया कि सोमन राणा की यह उपलब्धि कई मायनों में ऐतिहासिक है.
राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में पुरुष शॉट पुट एफ57 स्पर्धा में भारत का यह पहला स्वर्ण पदक है. उनका जीवन संघर्ष और प्रेरणा की मिसाल है. अपनी कड़ी मेहनत, दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण के बल पर उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देश और बिहार का नाम विश्व स्तर पर गौरवान्वित किया है.
2017 में पैरा एथलेटिक्स में अपनाया
प्रभात खबर के साथ बातचीत में उन्होंने फोन पर बताया कि 2001 में साेमन राणा भारतीय सेना की 2/8 गोरखा राइफल्स में सिपाही के रूप में भर्ती हुए. 2006 में सेवा के दौरान एलओसी पर पुंछ सेक्टर में लैंडमाइन विस्फोट में उन्होंने अपना दायां पैर खो दिया. इसके बाद उनका इलाज और पुनर्वास पुणे के आर्टिफिशियल लिंब सेंटर में हुआ.
इस दौरान 2017 में उन्होंने पैरा एथलेटिक्स की शुरुआत की. भारतीय सेना के पैरालंपिक स्पोर्ट्स नोड से जुड़कर शॉटपुट में प्रशिक्षण शुरू किया. इससे पहले वह राष्ट्रीय स्तर के मिडिलवेट मुक्केबाज थे.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पैरा एथलेटिक्स का शानदार सफर
डॉ शिवाजी ने बताया कि बिहार की ओर से हिस्सा लेते हुए पैरा एथलेटिक्स की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सोमन राणा कई पदक जीत चुके हैं. टोक्यो पैरालिंपिक 2020 और पेरिस पैरालिंपिक 2024 में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. एशियन पैरा गेम्स 2022 में रजत, विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में कांस्य पदक जीत चुके हैं.
इसे भी पढ़ें: Bihar New Rail Line: बिहार में 976 करोड़ से बिछेंगी 4 नई रेल लाइनें, पटना समेत इन रूटों पर रोज चलेंगी 22 नई ट्रेनें
