डोभी के मिंटू कुमार ने IIT-JEE 2026 में मारी बाजी, IIT (BHU) वाराणसी में मिला दाखिला

Gaya Ji News : गया जिले के डोभी प्रखंड के मिंटू कुमार ने IIT-JEE 2026 में शानदार सफलता हासिल की है. उन्होंने IIT (BHU), वाराणसी में अपना स्थान पक्का कर लिया है. उनकी इस उपलब्धि ने परिवार, गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ा दी है.

Gaya Ji News : गया जिले के डोभी प्रखंड के कुशा गांव के मेधावी छात्र मिंटू कुमार ने आईआईटी-जेईई 2026 में सफलता हासिल कर आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी में अपना स्थान सुनिश्चित किया है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और पूरे गांव में खुशी का माहौल है. ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व की बात बताया है.

मैट्रिक और इंटर में भी किया था उत्कृष्ट प्रदर्शन

मिंटू बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं. उन्होंने वर्ष 2023 की मैट्रिक परीक्षा में 449 अंक और वर्ष 2025 की इंटरमीडिएट परीक्षा में 419 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था. लगातार बेहतर प्रदर्शन के बाद उन्होंने आईआईटी-जेईई 2026 में भी सफलता हासिल कर अपनी मेहनत को साबित किया.

माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन का मिला साथ

मिंटू की सफलता में उनके माता-पिता, विद्यालय के शिक्षकों और निजी मार्गदर्शकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. विशेष रूप से सौरभ सर के सतत मार्गदर्शन, प्रेरणा और शैक्षणिक सहयोग ने उनकी तैयारी को नई दिशा दी. मिंटू ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, गुरुजनों और सौरभ सर को देते हुए कहा कि उनके सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी.

ग्रामीणों और शिक्षकों ने दी शुभकामनाएं

मिंटू की सफलता पर स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी. विद्यालय के शिक्षकों ने भी उनकी सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सफलताएं ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाती हैं और उन्हें बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करती हैं.

उच्च शिक्षा के साथ गांव के विद्यार्थियों को करेंगे प्रेरित

मिंटू कुमार अब आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी में उच्च शिक्षा प्राप्त करेंगे. उन्होंने कहा कि भविष्य में वह अपने ज्ञान और अनुभव का लाभ गांव के विद्यार्थियों तक पहुंचाना चाहते हैं, ताकि अधिक से अधिक छात्र उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकें.

Also Read : गया जी में 30 फीट गहरे बोरवेल में गिरे 3 वर्षीय पीयूष को 7 घंटे बाद सकुशल निकाला, NDRF-SDRF के सफल रेस्क्यू से गांव में खुशी


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Yuvraj Ratan

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >