LNMU Sports Competition: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (लनामिवि) के स्थापना दिवस के अवसर पर स्नातकोत्तर क्रीड़ा परिषद की ओर से डॉ. नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता सोमवार को संपन्न हो गई. प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
बैडमिंटन में डॉ. जमाल अशरफ बने विजेता
पुरुष वर्ग के बैडमिंटन फाइनल में डॉ. जमाल अशरफ ने गौतम सिंह को 2-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.
टग ऑफ वॉर में विश्वविद्यालय और डब्ल्यूआईटी की टीम रही अव्वल
पुरुष वर्ग के टग ऑफ वॉर मुकाबले में विश्वविद्यालय की टीम ने डब्ल्यूआईटी को हराकर खिताब अपने नाम किया. विजेता टीम में अभिमन्यु कुमार, सुभाष कुमार मिश्रा, मो. अयातुल्लाह, डॉ. मनुराज शर्मा, गोपाल कुमार, राहुल रंजन, कृष्ण कुमार पासवान, अमन कुमार, विक्की कुमार, राजा बाबू राम और गौतम सिंह शामिल रहे.
महिला वर्ग में डब्ल्यूआईटी की टीम ने विश्वविद्यालय की टीम को हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. विजेता टीम में प्राची भारती, काजल कुमारी और डॉ. चंद्रिका कुमारी शामिल थीं.
50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की रस्साकशी प्रतियोगिता में विद्यानंद झा, डॉ. दयानंद मेहता और सुरेश मंडल की टीम विजेता रही.
म्यूजिकल चेयर में डॉ. सुनीता रहीं प्रथम
म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में डॉ. सुनीता कुमारी ने पहला, काजल कुमारी ने दूसरा और चार्मिस मारीवाला ने तीसरा स्थान प्राप्त किया. प्रतियोगिता के सभी विजेता एवं उपविजेताओं को 5 अगस्त को विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा.
खेल गतिविधियों से जुड़ाव बढ़ाने का उद्देश्य
स्नातकोत्तर क्रीड़ा परिषद की अध्यक्ष डॉ. प्रियंका राय ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य शिक्षक एवं कर्मियों को खेल गतिविधियों से जोड़ना तथा उनके बीच आपसी सौहार्द, समन्वय और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है.
वहीं डब्ल्यूआईटी के निदेशक प्रो. अजय नाथ झा ने कहा कि स्थापना दिवस पर इस प्रकार का आयोजन सराहनीय है और इससे प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है.
यह भी पढ़ें: डीएम ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा की, 566 घरों में लगे सोलर पैनल
