बिहार में 38 डिग्री की गर्मी के बाद अचानक ओले-बारिश, 20 जिलों में यलो अलर्ट जारी

Bihar Weather Alert: बिहार में मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को हैरान कर दिया है. एक तरफ दिन में तेज धूप और चिलचिलाती गर्मी, तो दूसरी ओर शाम होते ही आंधी, बारिश और ओले गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है. IMD ने राज्य के 19 जिलों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है, जो 22 मार्च तक जारी रह सकता है.

Bihar Weather Alert: बिहार के मौसम ने एक ऐसी करवट ली है जिसे देखकर वैज्ञानिक भी हैरान हैं. एक तरफ जहां सूरज की तपिश झुलसाने लगी है और नालंदा का पारा 38 डिग्री को छू रहा है, वहीं दूसरी तरफ किशनगंज और अररिया में जमकर ओले गिरे.

IMD ने मुजफ्फरपुर, मधुबनी और दरभंगा समेत राज्य के 19 जिलों के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है. आने वाले 22 मार्च तक बिहार में मौसम का यह ‘हाई वोल्टेज ड्रामा’ जारी रहने वाला है, जिसमें 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं जनजीवन अस्त-व्यस्त कर सकती हैं.

गर्मी के बीच अचानक बदला मौसम का मिजाज

सोमवार का दिन बिहार के लोगों के लिए दोहरे अनुभव वाला रहा. दिन की शुरुआत चिलचिलाती धूप के साथ हुई, जिसने मार्च में ही मई-जून जैसी गर्मी का अहसास करा दिया. राजगीर में पारा 37.6 डिग्री तक जा पहुंचा, जबकि गया और पटना में भी लोग पसीने से तर-बतर दिखे.

लेकिन शाम होते ही फिजा बदल गई. बंगाल की खाड़ी से उठी नमी और एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ ने ऐसा मेल बनाया कि किशनगंज और अररिया में जमकर ओले गिरे. अचानक हुई इस ओलावृष्टि ने जहां एक तरफ तापमान में गिरावट लाकर राहत दी, वहीं फसलों के लिए चिंता की लकीरें भी खींच दी हैं.

इन जिलों में ज्यादा असर, तेज हवा और वज्रपात का खतरा

मौसम विभाग के अनुसार सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा और वैशाली समेत उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में मौसम का असर सबसे ज्यादा रहेगा. यहां 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है.

क्यों बदल रहा है मौसम?

विशेषज्ञों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है. निचले वायुमंडल में बढ़ी नमी और स्थानीय मौसमी गतिविधियों ने हालात को और अस्थिर बना दिया है, खासकर उत्तर बिहार में इसका असर ज्यादा दिख रहा है.

18 और 19 मार्च को हल्की राहत मिल सकती है, लेकिन 20 मार्च से फिर बारिश और आंधी का दौर शुरू होने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले सात दिनों तक बिहार में मौसम इसी तरह बदलता रहेगा, जिससे कभी गर्मी तो कभी ठंडक का अहसास होगा.

मार्च के अंत में बढ़ेगी गर्मी

फिलहाल बादल और बारिश के कारण तापमान नियंत्रित रहेगा, लेकिन मार्च के आखिरी सप्ताह से गर्मी फिर जोर पकड़ेगी.

अप्रैल की शुरुआत में कई जिलों में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है और लू जैसे हालात बनने की भी आशंका है.

Also Read: बिहार में पुराने LPG कनेक्शन दोबारा नहीं होंगे चालू, नए कनेक्शन पर भी पेट्रोलियम कंपनी का आया निर्देश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >