बेगूसराय: एपीएसएम कॉलेज बरौनी में युवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित, छात्रों ने राष्ट्र निर्माण और स्वदेशी के लिए लिए 10 संकल्प

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और एबीवीपी द्वारा बरौनी में आयोजित 'युवा संकल्प कार्यक्रम' में युवाओं ने राष्ट्र निर्माण की दिशा में 10 अहम संकल्प लिए। इनमें स्वदेशी अपनाने, मातृभाषा का सम्मान और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना शामिल है।

Begusarai News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पंच परिवर्तन पर आधारित 'युवा संकल्प कार्यक्रम' का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के संयुक्त तत्वावधान में बरौनी के एपीएसएम (APSM) कॉलेज परिसर में आयोजित हुआ. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के प्रांत महाविद्यालय कार्य सह प्रमुख राकेश कुमार ने कहा कि आज के युवाओं को अपने नागरिक कर्तव्यों का पालन करते हुए और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए.

पंच परिवर्तन के मार्ग पर चलें युवा

प्रांत सह प्रमुख राकेश कुमार ने पंच परिवर्तन की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग, स्वाभिमान, पारिवारिक व सामाजिक संबंधों को प्रगाढ़ करने की दिशा में आगे बढ़ना होगा. वहीं, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (एलएनएमयू) के छात्र संघ अध्यक्ष सह एबीवीपी के बेगूसराय विभाग संयोजक आलोक कुमार ने युवाओं के नैतिक मूल्यों पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि आज के युवाओं के लिए अपने माता-पिता, गुरुजनों और समाज के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करना परम आवश्यक है.

दैनिक जीवन में बढ़ाएं भारतीय भाषाओं का प्रयोग

एपीएसएम कॉलेज के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. सुशील कुमार ने छात्र-छात्राओं को अपनी जड़ों से जुड़े रहने की सीख दी. उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थियों के लिए भारतीय भाषाओं का सम्मान करना और अपने दैनिक जीवन में उनका अधिक से अधिक प्रयोग करना बेहद जरूरी है. इसके साथ ही उन्होंने युवाओं से नशा मुक्त जीवन जीने, नियमित व्यायाम करने और एक स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की अपील की ताकि एक सशक्त समाज का निर्माण हो सके.

छात्र-छात्राओं ने लिए दस महत्वपूर्ण संकल्प

एबीवीपी के नगर मंत्री प्रियांशु कुमार और प्रांत सोशल मीडिया सह संयोजक विकास झा ने बताया कि इस युवा संकल्प कार्यक्रम में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं द्वारा देश और समाज के हित में कुल दस संकल्प लिए गए. इन मुख्य संकल्पों में दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पादों को अपनाने, सामाजिक समरसता बनाए रखने, मातृभाषा का सम्मान करने और 'राष्ट्र प्रथम' की भावना को सर्वोपरि रखने का संकल्प शामिल है.

कार्यक्रम में कई गणमान्य और छात्र रहे मौजूद

इस गरिमामयी कार्यक्रम में युवाओं का उत्साहवर्धन करने के लिए कॉलेज उपाध्यक्ष अनिकेत राज, नगर सोशल मीडिया संयोजक सिंटू कुमार, एसएफडी प्रमुख कौशल कुमार, विज्ञान संकाय प्रमुख सचिन कुमार, अभिनव कुमार के साथ-साथ संघ के तेघड़ा खंड सह कार्यवाह माधव कुमार एवं निरंजन वर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं और प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे.

Also Read: बेगूसराय में सर्पदंश से किशोर की मौत, परिजनों में मचा कोहराम


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Niraj Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >