Begusarai News : बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ (एसएच-55) पर शनिवार को तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा मेघौल पंचायत के धर्मगाछी चौक के समीप हुआ. दुर्घटना के बाद बाइक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. घायल की पहचान मेघौल धर्मगाछी टोला निवासी 50 वर्षीय छोटन शर्मा के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छोटन शर्मा सड़क पार कर रहे थे. इसी दौरान बेगूसराय की ओर से रोसड़ा जा रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खोदावंदपुर पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि एसएच-55 पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं. लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है.
Also Read : बारिश से मिली गर्मी से राहत, लेकिन वीरपुर में जलजमाव बना मुसीबत
