Begusarai News : अखिल भारतीय कायस्थ महासभा महिला प्रकोष्ठ की बेगूसराय इकाई की ओर से हरहर महादेव चौक स्थित केडीएम होटल के सभागार में सावन महोत्सव सह महिला महामिलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में हरे परिधानों में सजी कायस्थ समाज की महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था. महिलाओं ने गीत, संगीत, नृत्य और विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं के माध्यम से सावन की खुशियां साझा कीं.
अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार वकील संघ के अध्यक्ष मनोज सिन्हा, प्रदेश महिला महामंत्री प्रीति सिन्हा, मटिहानी के पूर्व विधायक राजकुमार सिंह तथा मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कायस्थ महासभा महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष कुसुमलता वर्मा ने संयुक्त रूप से किया. कार्यक्रम में पहुंचने वाले अतिथियों और सदस्यों का टीका लगाकर, पुष्प वर्षा कर तथा गले मिलकर स्वागत किया गया. इस दौरान सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया.
गीत-संगीत और नृत्य से सजा सावन महोत्सव
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने 'कैसे खेल जाऊं सावन में कजरिया', 'मेरे हाथों में नौ-नौ चूड़ियां हैं' और 'झुमका गिरा रे' सहित कई लोकप्रिय गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया. गीत-संगीत के साथ महिलाओं के लिए सावन प्रिंसेस, हरितिमा क्वीन, मदर ऑफ सावन क्वीन, सावन की गुड़िया और म्यूजिकल चेयर समेत कई मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं.
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिताओं में हरितिमा क्वीन का खिताब सारिका भास्कर ने जीता. सावन क्वीन प्रतियोगिता में सारिका सचिन विजेता बनीं, जबकि सुमन सिन्हा रनर-अप रहीं. सावन प्रिंसेस का खिताब सृजन सिन्हा को मिला और संजना सिन्हा रनर-अप रहीं. म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में शिवानी सिन्हा विजेता बनीं. सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. प्रतियोगिताओं की निर्णायक अंकिता सिन्हा और प्राची सिन्हा रहीं. कार्यक्रम के अंत में कवयित्री मुकुल सिन्हा को भी सम्मानित किया गया.
Also Read : औरंगाबाद में चार वर्षों से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे 300 परिवार, 19 अगस्त को प्रखंड कार्यालय पर धरना
महिला सदस्यों और अतिथियों को मिला सम्मान
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कुसुमलता वर्मा, सुजीत वर्मा, वीनू सिन्हा, पूर्व विधायक राजकुमार सिंह, बेगूसराय इकाई की अध्यक्ष पूनम शेखर, संरक्षक मीरा सिन्हा, महामंत्री सारिका भास्कर, उपाध्यक्ष प्रीति सिन्हा, संगठन सचिव रजनी कुमारी और शिला सिन्हा, कार्यकारी अध्यक्ष अर्चना कुमारी सहित कई महिला सदस्यों को सम्मानित किया गया. मौके पर जुली कुमारी, ज्योति कुमारी, सारिका सचिन, वीणा सिन्हा, किरण सिन्हा, रेखा श्रीवास्तव समेत अन्य सदस्यों की भी भागीदारी रही.
Also Read : देव भूमि आरोग्य ट्रस्ट ने मनाया सावन उत्सव, खुशबू बनीं सावन क्वीन
महिलाओं को मिला अपने लिए कुछ पल जीने का अवसर
महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष पूनम शेखर ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में महिलाएं घर और परिवार की जिम्मेदारियों में व्यस्त रहती हैं. ऐसे में सावन महोत्सव जैसे आयोजन महिलाओं को अपने लिए कुछ पल निकालने और मिल-जुलकर खुशियां साझा करने का अवसर देते हैं. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ संस्कृति और सम्मान का भी पूरा ध्यान रखा गया. महिलाओं ने यह संदेश दिया कि वे समाज के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं.
आपसी एकजुटता को मजबूत करने का माध्यम बना आयोजन
महामंत्री सारिका भास्कर ने कहा कि महिलाएं घर-परिवार की जिम्मेदारियों से घिरी रहती हैं. ऐसे आयोजनों के माध्यम से उन्हें कुछ समय अपने लिए जीने और बचपन की यादों को फिर से महसूस करने का अवसर मिलता है. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में कई नई महिला सदस्य एक-दूसरे से जुड़ीं और उनके बीच मित्रता के साथ आपसी एकजुटता की भावना भी मजबूत हुई. भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे.
शिव और पार्वती की प्रस्तुति ने बांधा समां
कार्यक्रम का संचालन याशना भूषण ने किया. सांस्कृतिक प्रस्तुति के दौरान शिव की भूमिका सचिन और पार्वती की भूमिका नवया ने निभाई. मौके पर संजय कुमार, अशोक सिन्हा, नवीन सिन्हा, अलख सिन्हा, भास्कर भूषण, रविंद्र मनोहर निक्कू, रंजीत कुमार सिन्हा, संजीव कुमार, नवाब, बीनू सिन्हा, सुजीत वर्मा, राजीव कुमार, विजय सिन्हा, संजीव कुमार बुल्लू, राजेश श्रीवास्तव, जुली सहित बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग मौजूद रहे.
Also Read : नागपंचमी पर बाक्स बाबा मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, दूध और लावा चढ़ाने पहुंचे हजारों श्रद्धालु
