छौड़ाही की शाहपुर पंचायत में तीन जगहों से सरकारी जमीन करायी गयी मुक्त

प्रखंड क्षेत्र के शाहपुर पंचायत में प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग तीन स्थानों से सरकारी जमीन पर किये गये अतिक्रमण को हटाया.

छौड़ाही. प्रखंड क्षेत्र के शाहपुर पंचायत में प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग तीन स्थानों से सरकारी जमीन पर किये गये अतिक्रमण को हटाया. अंचल प्रशासन द्वारा वार्ड संख्या एक, दो एवं दस में चलाये गये इस अभियान के दौरान सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया. कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा. अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई अंचलाधिकारी चंद्र प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में की गयी. प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस बल एवं शस्त्र बल के जवानों ने शांतिपूर्ण तरीके से अभियान को सफल बनाया. इस दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई. जानकारी देते हुए अंचलाधिकारी चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि शाहपुर पंचायत में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण को लेकर लंबे समय से मामला चल रहा था. इस संबंध में वादी रंजीत कुमार एवं प्रतिवादी सुकन दास के बीच विवाद उत्पन्न हुआ था. मामले की सुनवाई के बाद माननीय न्यायालय द्वारा सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने का आदेश दिया गया था. उन्होंने बताया कि न्यायालय के निर्देश के आलोक में प्रशासन ने पूरी तैयारी के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की. पहले संबंधित पक्षों को नोटिस देकर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा तक जमीन खाली नहीं की गयी. इसके बाद प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी. सीओ ने बताया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. सरकारी जमीन का उपयोग सार्वजनिक कार्यों एवं विकास योजनाओं के लिए किया जाता है. ऐसे में उस पर अवैध कब्जा करना कानूनन अपराध है. अतिक्रमण हटाने के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा. मौके पर छौड़ाही थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार,एसआई रोशन कुमार, राजदेव मांझी,राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एवं शस्त्र बल तैनात थे.प्रशासन को आशंका थी कि कार्रवाई के दौरान विरोध या तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है.इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा गया था.हालांकि प्रशासन की सूझबूझ एवं सतर्कता के कारण पूरा अभियान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. पुलिस बल की मौजूदगी के कारण किसी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति नहीं बनी.स्थानीय लोगों ने भी प्रशासनिक कार्रवाई में सहयोग किया.

प्रशासन ने दी चेतावनी

अंचलाधिकारी चंद्रप्रकाश पांडेय ने स्पष्ट कहा कि अंचल क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों की सूची तैयार की जा रही है. जिन लोगों ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वेच्छा से सरकारी जमीन खाली कर दें,अन्यथा प्रशासनिक कार्रवाई के लिए तैयार रहें. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कर उसका उपयोग जनहित के कार्यों में किया जाये. इसके लिए अंचल प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है. आने वाले दिनों में भी विभिन्न पंचायतों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manish kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >