Begusarai News: (बिपिन राज की रिपोर्ट) बेगूसराय जिले के सिमरिया गंगा नदी तट पर बुधवार को स्नान के दौरान तीन किशोरों के डूब जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है. हादसे में नगर परिषद बीहट वार्ड संख्या 28 स्थित मकससपुर टोला निवासी दो सगे भाइयों समेत एक अन्य किशोर की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
गंगा स्नान के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार मकससपुर टोला निवासी उमाशंकर साह के पुत्र विशाल कुमार (18 वर्ष) और अमन कुमार (15 वर्ष) अपने ममेरे भाई रिशांक गुप्ता (11 वर्ष), निवासी इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, सदलपुर (मुंगेर) के साथ सिमरिया गंगा घाट स्नान करने गए थे. स्नान के दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए.
एक ही परिवार के दो चिराग बुझ गए
मृतकों के चाचा रामाशीष साह ने बताया कि विशाल और अमन दोनों सगे भाई थे और उमाशंकर साह के इकलौते दो पुत्र थे. दोनों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
शव की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही चकिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय गोताखोर अनिल कुमार एवं उनकी टीम ने गंगा नदी में तीनों की तलाश शुरू की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो सका था. पुलिस और गोताखोरों द्वारा गुरुवार को फिर से खोज अभियान चलाया जाएगा.
गांव में पसरा मातमी सन्नाटा
हादसे की खबर फैलते ही मकससपुर टोला और आसपास के क्षेत्रों में मातम छा गया. ग्रामीणों के अनुसार कुछ ही क्षणों में एक परिवार के दो जवान बेटे गंगा की लहरों में समा गए. पूरे गांव में शोक और गम का माहौल है, जबकि परिजन अपनों की तलाश और अंतिम दर्शन की उम्मीद में बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : भोजपुर पुलिस पर पिस्टल तानने वाला युवक की मौत, पुलिस मुठभेड़ में दोनों पैरों में लगी थी गोली, PMCH में तोड़ा दम
