Begusarai Accident News: (विकाश मिश्रा की रिपोर्ट) जिले के लाखो थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी वाले घर की खुशियों को मातम में बदल दिया. हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-31 को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया.
कंटेनर की चपेट में आने से युवक की मौत
बताया जाता है कि सत्य साईं पेट्रोल पंप के समीप एनएच-31 पर तेज रफ्तार अज्ञात कंटेनर की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान वीरपुर थाना क्षेत्र के नौला गांव निवासी संजीव महतो के 21 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक की पहचान 30 वर्षीय शुभांकर कुमार के रूप में की गई है, जो मृतक का चचेरा मौसा बताया जा रहा है.
घायल का निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की सूचना मिलते ही लाखो थानाध्यक्ष शुभम कुमार पांडेय, एसआई रविशंकर कुमार, ट्रैफिक एसआई अशोक कुमार एवं चितरंजन कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे.
दो घंटे तक जाम रहा एनएच-31
पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए फोरलेन की दूसरी लेन से वाहनों का परिचालन शुरू कराया तथा जाम में फंसी कई एंबुलेंसों को सुरक्षित बाहर निकालकर आगे रवाना किया. करीब दो घंटे बाद मृतक के गांव नौला से पहुंचे परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से बातचीत के बाद जाम समाप्त कराया गया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
इसे भी पढ़ें : पटना में एक के बाद एक 3 खड़ी गाड़ियों में अचानक लगी आग, देखते ही देखते सभी वाहन जलकर खाक
शादी के कपड़े खरीदकर जा रहा था प्रिंस
परिजनों के अनुसार बलिया थाना क्षेत्र के राहतपुर निवासी कृष्ण महतो की पुत्री चुलबुल कुमारी की शादी आगामी 24 जून को होने वाली है. शादी की तैयारियों के तहत प्रिंस कुमार बरौनी से विवाह का कपड़ा खरीदकर अपने रिश्तेदार के घर राहतपुर जा रहा था. इसी दौरान लाखो के पास उसकी बाइक को एक तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
घर में पसरा मातम
घटनास्थल पर मृतक की मां रेणु देवी, चाची सुनीता देवी और मामी जूली देवी का रो-रोकर बुरा हाल था. परिजनों के करुण क्रंदन से वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया. जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाई बजने वाली थी, वहां अचानक मातम छा गया. शादी की तैयारियों में जुटा परिवार अब अपने बेटे की असमय मौत के गम में डूबा हुआ है. यह हादसा पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें : भोजपुर पुलिस पर पिस्टल तानने वाला युवक की मौत, पुलिस मुठभेड़ में दोनों पैरों में लगी थी गोली, PMCH में तोड़ा दम
