Begusarai News : सावन मास की तीसरी सोमवारी के अवसर पर बखरी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह से ही भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही. हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा.
जल, दूध और बेलपत्र से किया जलाभिषेक
श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की. इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि, शांति और परिवार के मंगल की कामना की. सुबह से ही छोटे-बड़े शिवालयों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही. महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने उत्साह के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया.
बाबा गरीब नाथ मंदिर में दिखी विशेष चहल-पहल
नगर के प्रसिद्ध बाबा गरीब नाथ मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. सावन की सोमवारी को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए.
रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
बाबा गरीब नाथ मंदिर परिसर में रात्रि के समय सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया. कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम ने मंदिर परिसर के माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया.
मनोकामना पूरी होने की है आस्था
स्थानीय लोगों का मानना है कि बाबा गरीब नाथ के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मनोकामनाएं पूरी होती हैं. इसी गहरी आस्था के कारण सावन मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं और अपनी मनोकामना की पूर्ति के लिए प्रार्थना करते हैं. तीसरी सोमवारी के अवसर पर दिनभर बखरी का माहौल शिवभक्ति में डूबा रहा और मंदिरों में पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा.
Also Read : नागपंचमी पर बाक्स बाबा मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, दूध और लावा चढ़ाने पहुंचे हजारों श्रद्धालु
