Arwal News: (अंजनी कुमार की रिपोर्ट) कलेर थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बीते 24 घंटे के भीतर विभिन्न कांडों एवं न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर छह फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया है. सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कलेर थाना कांड संख्या 60/26 के प्राथमिकी अभियुक्त अगनूर गांव निवासी धनंजय पासवान एवं शंभू पासवान को गिरफ्तार किया गया. वहीं न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर परशुरामपुर गांव निवासी लखन यादव उर्फ रामलखन सिंह, रंजन यादव उर्फ राजनंदन सिंह तथा गुड्डू यादव उर्फ उमेश कुमार को गिरफ्तार किया गया. इसके अलावा एक अन्य मामले में अर्दली बिगहा निवासी जितन राजवंशी उर्फ जितेंद्र कुमार को भी गिरफ्तार किया गया.
लंबे समय से फरार चल रहे थे वारंटी
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी व्यक्ति लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत थी. विशेष अभियान के तहत इन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया.
अन्य वारंटियों को आत्मसमर्पण की सलाह
थानाध्यक्ष ने कहा कि जिन अन्य लोगों के विरुद्ध न्यायालय से वारंट जारी हो चुका है, वे न्यायालय का सम्मान करते हुए स्वयं समर्पण कर दें अथवा पुलिस के समक्ष उपस्थित हो जाएं. अन्यथा उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा.
फरार अभियुक्तों में मचा हड़कंप
कलेर थाना पुलिस की इस कार्रवाई से फरार अभियुक्तों में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय के आदेशों का अनुपालन हर हाल में सुनिश्चित कराया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: बिहार में आस्था का नया केंद्र: 26 जून को 108 फीट अर्धनारीश्वर प्रतिमा का होगा प्राण प्रतिष्ठा, कलश यात्रा के साथ महायज्ञ शुरू
