Road Accident: आरा में ट्यूशन पढ़कर वापस लौट रही तीन छात्राओं को पिकअप ने रौंदा, घटनास्थल पर एक की मौत

Road Accident: आरा में ट्यूशन पढ़कर वापस लौट रही तीन छात्राओं को पिकअप ने रौंदा दिया है. इस घटना में एक छात्रा की मौत मौके पर ही हो गयी.

Road Accident: आरा-अरवल मार्ग पर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के वरुणा गांव स्थित पचभरवा पुल के समीप शुक्रवार की सुबह बेलगाम पिकअप ने ट्यूशन पढ़कर घर वापस लौट रही तीन छात्राओं को रौंद दिया. हादसे में एक छात्रा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो छात्राएं गंभीर रूप से जख्मी हो गई. जिसके बाद जख्मी छात्राओं को परिजन द्वारा इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है. वहीं घटना के बाद चालक पिकअप छोड़ मौके से फरार हो गया. घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. जानकारी के अनुसार मृत छात्रा नारायणपुर थाना क्षेत्र के वरुणा गांव वार्ड नंबर 14 निवासी हरेंद्र कुमार की 16 वर्षीया पुत्री श्रुति कुमारी है एवं वह इंटर की छात्रा थी. जबकि ज़ख्मियों में उसी गांव के निवासी रमेश कुमार की 16 वर्षीया पुत्री व मृत छात्रा की चचेरी बहन सीता कुमारी एवं लाल बाबू सिंह की 14 वर्षीया पुत्री व उसकी दोस्त अंजली कुमारी शामिल है.

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का भड़क उठा आक्रोश

सड़क हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा. जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर आरा-अरवल मार्ग पर वरुणा गांव स्थित पचभरवा पुल के समीप मृत छात्रा के शव को सड़क के बीचों-बीच सड़क जाम कर दिया. आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा करीब सात घंटे तक सड़क को जाम रखा गया. सड़क जाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारे लगी रही एवं आवागमन पूरी तरह ठप रहा. वहीं सड़क जाम की सूचना पाकर नारायणपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार एवं अगिआंव प्रखंड के सीईओ फौरन वहां पहुंचे और लोगों को समझाने-बुझाने में लगे. पुलिस एवं सीओ के काफी मशक्कत करने एवं मुआवजे को तुरंत देने के आश्वासन देने के बाद जाम को हटवाया गया. इसके पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया.

घटना के बाद मृत छात्रा के घर में मचा कोहराम

इधर मृत छात्रा के चाचा रमेश कुमार ने बताया कि हर रोज की तरह वह तीनों शुक्रवार की सुबह भी सहार थाना क्षेत्र के ईनुरूखी गांव कंप्यूटर का ट्यूशन पढ़ने गई थी. ट्यूशन पढ़कर जब वह पैदल वापस गांव लौट रही थी. उसी बीच वरुण गांव स्थित पचभरवा पुल के समीप विपरीत दिशा से आ रही बेलगाम पिकअप ने उन्हें रौंद दिया. जिसमे उनकी भतीजी श्रुति कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. जबकी उसकी सहेली अंजली कुमारी गंभीर रूप से जख्मी हो गई. इसके बाद परिजन द्वारा दोनों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया. बताया जाता है कि मृत छात्रा अपनी दो बहन व एक भाई में बड़ी थी. उसके परिवार में मां कांति देवी व एक बहन आंचल कुमारी एवं एक भाई आनंद है. घटना के बाद मृत छात्रा के घर में कोहराम मच गया है. इस घटना के बाद मृत छात्रा की मां कांति देवी समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Also Read: Road Accident: पूर्णिया में भीषण सड़क हादसा, ट्रक चालक समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राधेश्याम कुशवाहा ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से MJ (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म) की शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत भोपाल से प्रकाशित राज एक्सप्रेस समाचार पत्र से की. इसके बाद उन्होंने समय जगत, राजस्थान पत्रिका और हिंदुस्तान जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं. वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म, अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में 13 वर्षों का अनुभव रखने वाले राधेश्याम कुशवाहा को ज्योतिष शास्त्र, पंचांग गणना, ग्रह गोचर, नक्षत्र परिवर्तन, व्रत-त्योहारों की तिथियों तथा शुभ मुहूर्तों का गहन ज्ञान है. अपनी विशेषज्ञता के आधार पर वे धर्म-अध्यात्म और राशिफल से जुड़ी सटीक, तथ्यपरक एवं विश्वसनीय खबरें लिखते हैं. धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन में उनकी विशेष रुचि है. इसके अलावा राजनीति, अपराध और प्रेरणादायक (पॉजिटिव) विषयों पर लेखन में भी उनकी गहरी रुचि है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >