भोजपुर जिले के गीधा थाना क्षेत्र के शिवनगर गांव में शुक्रवार की सुबह आग से झुलसकर एक अधेड़ महिला की मौत हो गई. इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. परिजनों द्वारा खुद से आग लगाकर आत्महत्या करने की बात कही जा रही है.
जानकारी के अनुसार मृतका गीधा थाना क्षेत्र के शिवनगर गांव निवासी स्व. सुरेश सिंह की 50 वर्षीया पत्नी यशोदा कुंअर थीं.
घर का दरवाजा तोड़कर बाहर निकाली गई महिला
मृतका के भतीजे भोला सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह घर में कोई नहीं था और वह अकेली थीं. घर का दरवाजा अंदर से बंद था और ताला लगा हुआ था. इसी बीच सुबह जब घर से अचानक धुआं निकलने लगा, तो आसपास के लोगों ने शोर मचाना शुरू किया. देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई.
परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना डायल 112 पुलिस वाहन को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर गंभीर रूप से झुलसी महिला को बाहर निकाला.
इलाज के लिए ले जाते समय मौत, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस द्वारा महिला को इलाज के लिए तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया.
मृतका के भतीजे भोला सिंह ने आशंका जताई है कि उनकी चाची यशोदा कुंअर ने खुद से आग लगाकर आत्महत्या की है. बहरहाल, पुलिस अपने स्तर से मामले की गहन छानबीन में जुट गई है.
बताया जाता है कि स्व. सुरेश सिंह की यशोदा कुंअर से दूसरी शादी हुई थी और उनसे कोई संतान नहीं थी, जबकि पहली पत्नी से पांच पुत्रियां हैं. इस घटना के बाद से मृतका के घर में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Also Read : नालंदा : झमाझम बारिश से राजगीर के कई इलाकों में जलजमाव, सड़कों पर बहने लगा नालों का पानी
