फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के निजी विद्यालयों के प्राचार्य और निदेशकों की आवश्यक बैठक राम मनोहर लोहिया पथ स्थित शिशु शिक्षा सदन के परिसर में आयोजित की गई. बैठक में निजी विद्यालय संघ को मजबूत करने, सरकार की ओर से चल रही विद्यालयों की जांच और संचालकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई.
आरटीई की बकाया राशि का मुद्दा उठा
बैठक में वर्ष 2018 से लंबित शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) की बकाया राशि के भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. विद्यालय संचालकों ने कहा कि लंबित राशि के भुगतान समेत निजी विद्यालयों की अन्य समस्याओं को उचित मंच पर मजबूती से उठाने की जरूरत है.
एकजुटता मजबूत करने पर जोर
विद्यालय संचालकों ने संगठन की एकजुटता और आपसी समन्वय को मजबूत करने पर सहमति जताई. साथ ही सरकारी जांच को लेकर आगे की सामूहिक रणनीति बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया.
बैठक में संघ के जिलाध्यक्ष सूर्यनारायण गुप्ता, प्रखंड अध्यक्ष सुभाष ठाकुर, प्रखंड सचिव सुजीत सिन्हा समेत विभिन्न निजी विद्यालयों के संचालक और प्रतिनिधि मौजूद रहे.
