37.1 C
Ranchi

BREAKING NEWS

Trending Tags:

Advertisement

बिरसा जयंती पर बिरसा के सपनों का झारखंड बनाने का लिया संकल्प

धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें राज्यपाल, मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, विपक्षी दल के नेता सहित विभिन्न संस्थाओं व संगठनों ने श्रद्धांजलि अर्पित की. बिरसा के संघर्ष और बलिदान को याद कर उनके सपनों का झारखंड गढ़ने का संकल्प लिया गया. वक्ताओं ने इस बहाने झारखंड की विकास यात्रा पर भी अपनी बातें रखी […]

धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें राज्यपाल, मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, विपक्षी दल के नेता सहित विभिन्न संस्थाओं व संगठनों ने श्रद्धांजलि अर्पित की. बिरसा के संघर्ष और बलिदान को याद कर उनके सपनों का झारखंड गढ़ने का संकल्प लिया गया.
वक्ताओं ने इस बहाने झारखंड की विकास यात्रा पर भी अपनी बातें रखी और कहा कि बिरसा के सपनों का झारखंड अभी नहीं बना है. कोकर स्थित बिरसा के समाधि स्थल और बिरसा चौक स्थित उनकी प्रतिमा के सामने दिन भर लोग उमड़ते रहे. वहीं, दूसरी ओर दिल्ली स्थित प्रगति मैदान में जारी 38वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के झारखंड पैवेलियन में भी बिरसा जयंती मनायी गयी.
विभिन्न आदिवासी संगठनों ने दी श्रद्धांजलि
झारखंड उलगुलान मोर्चा ने किया माल्यार्पण
रांची : भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर कोकर स्थित समाधि स्थल पर झारखंड उलगुलान मोर्चा के पदाधिकारियों ने माल्यार्पण किया. मोर्चा के अध्यक्ष रवि पीटर ने कहा कि अलग राज्य के लिए भगवान बिरसा ने जो आंदोलन किया था, वह आज भी अधूरा है.
महासचिव अजहर मलिक ने कहा कि राज्य की रघुवर सरकार यहां की आदिवासी व मूलवासियों को ठग रही है. इस अवसर पर देवेंद्र नाथ महतो, ईशांक सोनी, विपिन सिंह, सिमांत सिन्हा, रविकांत श्रीवास्तव, राज कुमार, नागेंद्र कुमार, मदन कुमार, सुबोध दांगी आदि उपस्थित थे.
युवा उलगुलान संगठन ने निकाली बाइक रैली
रांची : आदिवासी युवा उलगुलान संगठन के पदाधिकारियों ने बिरसा जयंती के अवसर पर बाइक रैली निकाली. बाइक रैली गढ़ा टोली से निकल कर कोकर चौक होते हुए समाधि स्थल पहुंची. यहां भगवान बिरसा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया. इस अवसर पर संस्था के प्रमोद टोप्पो, प्रदीप खलखो, राहुल कच्छप, सूरज, शिवानी खेरा आदि उपस्थित थीं.
बिरसा के सपनों का झारखंड बनना बाकी
रांची : ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष ललित कुमार महतो ने तमाड़ स्थित डोड़ेया मोड़ पर वीर शहीद बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया. इस दौरान उन्होंने बिरसा के बताये क्रांतिकारी रास्ते पर चलने का आह्वान किया. श्री महतो ने कहा कि बिरसा के जन्मदिन पर राज्य की स्थापना तो हुई है, पर अभी बिरसा के सपनों का झारखंड बनना बाकी है.
एक और उलगुलान का लिया संकल्प
रांची : आदिवासी लोहरा समाज ने भगवान बिरसा की जयंती पर कोकर स्थित समाधि स्थल पर माल्यार्पण किया गया. जुलूस में शामिल सैंकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने इस दौरान यह संकल्प लिया कि जल, जंगल व जमीन बचाने के लिए एक और उलगुलान की जरूरत है, इसमें हम सम्मिलित होंगे. इस अवसर पर सिंधु इंदवार, अभय भुटकुंवर, बजरंग लोहरा, बंटी भुटकुंवर, अशोक लोहरा, दीपू लोहरा, कुसुम लोहरा, राहुल तिर्की आदि उपस्थित थे.
रांची : सदान मोर्चा ने किया माल्यार्पण
रांची : झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर सदान मोर्चा ने शहीद निर्मल महतो को याद किया. मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में जेल रोड स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया.
कोकर स्थित बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया. माल्यार्पण करने वालों में मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता डॉ अनिल मिश्रा, डॉ सुदेश कुमार साहू, विशाल सिंह, मनीष देव, नीरज कुमार साहू आदि शामिल थे.
शिबू और हेमंत सोरेन ने किया माल्यार्पण
रांची : झामुमाे सुप्रीमो शिबू सोरेन व नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने गुरुवार को भगवान बिरसा मुंडा के कोकर स्थित समाधि स्थल पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इसके बाद नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि 2014 के बाद राज्य में जो सरकार बनी, उसके बाद तो मानो राज्य में एक तरह से आपदा आ गयी है.
आज करोड़ों खर्च कर जश्न मनाया जा रहा है, जबकि पूरे राज्य में 40 प्रतिशत से कम खेती हुई है. किसान की आंखों के आंसू सूख नहीं रहे हैं. यह बात जान लेनी चाहिए कि भाजपा सरकार व रघुवर शासन का अंत 2019 में होने जा रहा है. उसके बाद यहां भाजपा का नाम लेने वाला कोई नहीं होगा.
कांग्रेस ने बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि
रांची : झारखंड स्थापना दिवस व भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय एवं बिरसा समाधि स्थल की जमीन के दानकर्ता सह प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव आदित्य विक्रम जायसवाल ने बिरसा समाधि स्थल पर माल्यार्पण किया.
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा एक महान वीर योद्धा एवं झारखंड उलगुलान के एक कर्मठ क्रांतिकारी वीर सपूत थे. आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि भगवान बिरसा की सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब झारखंड की परंपरा एवं संस्कृति को बचाये रखने में हमलोग योगदान देंगे. इस अवसर पर मंजूर अंसारी, अनिल सिंह आदि ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की.
राष्ट्रीय नारायणी सेना ने किया रक्तदान शिविर का आयोजन
रांची : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 143वीं जयंती और राज्य के 18वें स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय नारायणी सेना झारखंड प्रदेश की अोर से रक्तदान शिविर का आयोजन सर्जना चौक के समीप किया गया. इसमें शिल्पी कुमारी सहित 25 लोगों ने रक्तदान किया. वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान महादान है. शिविर का उदघाटन खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ ने किया. मौके पर संजीव साहू, भैरव सिंह, शशांक राज, राहुल व्यास, प्रभात राजन, रोहित सिंह, अमित कुमार, शुभाशिष वर्मा, अमृत रमन आदि उपस्थित थे.
खरसावां : विकास हो, पर उसका साइड इफेक्ट न हो : अर्जुन मुंडा
रांची/खरसावां : दलभंगा में बकाश्त मुंडारी खूंटकट्टी रक्षा एवं समिति द्वारा आयोजित बिरसा जयंती समारोह में पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा शामिल हुए. यहां भगवान बिरसा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इसके पश्चात आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री मुंडा ने कहा कि झारखंड आंदोलन के पुरोधा वीर बिरसा के जन्म दिवस पर आदिवासियों को अपने हक के लिए जागरूक होने की आवश्यकता है.
सीएनटी-एसपीटी एक्ट वीर बिरसा की देन है. विकास के मुद्दे पर पूर्व सीएम ने कहा कि विकास करना सही बात है, लेकिन उस विकास का साइड इफेक्ट न हो, यह चिंता करने की जिम्मेदारी हम जनप्रतिनिधियों को उठाने की जरूरत है. सीएनटी-एसपीटी एक्ट मामले को लेकर राज्य सरकार को दो-दो बार पत्र लिखा था और अपनी बातों को उचित मंचों पर भी रखा.
पूर्व सीएम ने कहा कि आदिवासी होने के नाते आदिवासियों के विकास की बात करूंगा, लेकिन यह भी ख्याल रखूंगा कि दूसरे समाज के लोगों को भी क्षति नहीं पहुंचे. पूर्व सीएम ने दुगनी आर्चरी अकादमी के पास कंपनी स्थापित करने की बात को गलत करार देते हुए कहा कि उक्त अकादमी राष्ट्रपति के विशेष फंड से तैयार की गयी है, लेकिन अब कंपनी की स्थापना से तीरंदाजों की एकाग्रता भंग होगी. इसके लिए भी राज्य सरकार को पत्र लिखा था, लेकिन जिला अधिकारियों को भी इस पर ध्यान देने की जरूरत है.
कांग्रेस भवन में मनायी गयी बिरसा जयंती
रांची : प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से गुरुवार को कांग्रेस भवन में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनायी गयी. इसमें कांग्रेसजनों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया. वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा झारखंड उलगुलान के एक कर्मठ क्रांतिकारी वीर सपूत थे. उनके जीवन संघर्ष से प्रेरणा लेकर उनके बताये मार्ग पर चलने की जरूरत है. श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, राजीव रंजन प्रसाद, लाल किशोर नाथ शाहदेव, शमशेर आलम, आलोक कुमार दुबे, रवींद्र सिंह, विनय सिन्हा दीपू, जगदीश साहू, विनोद सिंह, नेली नाथन, योगेंद्र सिंह बेनी, राकेश सिन्हा, प्रेम कुमार समेत कई लोग शामिल थे.
भाकपा ने धरती आबा बिरसा मुंडा को याद किया
रांची : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, रांची जिला परिषद ने धरती आबा बिरसा मुंडा को उनकी 143वीं जयंती पर याद किया तथा उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की. भाकपा राज्य कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के जिला सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि बिरसा के सपनों को पूरा करना ही मौजूदा समय की सबसे बड़ी चुनौती है. इप्टा के उमेश नजीर ने कहा कि बिरसा मुंडा उपनिवेशवाद के खिलाफ संघर्ष के बड़े नायक रहे हैं. वर्तमान समय की त्रासदी से निबटने में उनके जीवन मूल्य अहम भूमिका निभा सकते हैं. इस कार्यक्रम में शिक्षक नेता ललन मिश्रा, मेहुल मृगेंद्र, इप्टा की फरजाना फारूकी, मनोज ठाकुर, प्रिया परबीन बानो, श्यामल चक्रवर्ती व राहुल विश्वकर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
रांची: आइआइटीएफ के झारखंड पैवेलियन में भी बिरसा जयंती का हुआ आयोजन
रांची/नयी दिल्ली : प्रगति मैदान में जारी 38वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में गुरुवार का दिन पूरी तरह झारखंड पैवेलियन के नाम रहा.
झारखंड के स्थापना के 18 वर्ष पूरे होने और आदिवासी जननायक बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में झारखंड पैवेलियन में खास समारोह आयोजित किया गया, जिसका दर्शकों ने खूब आनंद लिया. इस अवसर पर पैवेलियन में बिरसा मुंडा के जन्मदिन का केक काटा गया. पैवेलियन में आनेवाले सभी दर्शकों को केक और मिठाई खिलाये गये. इस अवसर पर झारखंड के पैवेलियन निदेशक राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि आज का दिन झारखंड के लिए काफी गर्व का दिन है.
आज बिरसा मुंडा जयंती तो है ही, साथ ही वर्ष 2000 में आज ही के दिन झारखंड एक नये प्रदेश के रूप में अस्तित्व में आया था. हमें व्यापार मेले में इस खुशी को मानते हुए काफी गर्व की अनुभूति हुई. उन्होंने कहा कि दिल्ली में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के मेले में अपनी खुशियां मनाना एक शानदार अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Advertisement

अन्य खबरें