Assam Election Results 2026, रांची/गवाहटी: असम विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना शुरू हो चुकी है और इसके साथ ही सभी राजनीतिक दलों की धड़कनें तेज हो गई हैं. शाम तक यह साफ हो जाएगा कि असम की सत्ता का ताज किसके सिर सजेगा. लेकिन इस बार का चुनाव एक विशेष वजह से चर्चा में है और वह है झारखंड की सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की एंट्री.
गठबंधन टूटा, तो अपनाया ‘एकला चलो’ का संकल्प
झारखंड के बाहर अपनी जड़ें जमाने की कोशिश में जुटी JMM ने इस बार असम में पूरी ताकत झोंकी है. कांग्रेस के साथ गठबंधन की बातचीत सिरे नहीं चढ़ने के बाद, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ‘एकला चलो रे’ की नीति अपनाई. हालांकि पार्टी ने शुरुआत में 21 सीटों पर दावेदारी पेश की थी, लेकिन नामांकन प्रक्रिया के दौरान तकनीकी दिक्कतों के कारण 5 उम्मीदवारों की उम्मीदवारी रद्द हो गई. अब 16 सीटों पर JMM के योद्धा मैदान में डटे हैं.
चाय बागान श्रमिक: JMM का सबसे बड़ा दांव
JMM की पूरी चुनावी बिसात असम के करीब 70 लाख चाय बागान श्रमिकों यानी ‘चाय जनजातियों’ के इर्द-गिर्द बिछी है. ये वो लोग हैं जिनका मूल नाता झारखंड के छोटानागपुर पठार से है. प्रचार के दौरान हेमंत सोरेन ने इन श्रमिकों को अनुसूचित जनजाति (ST) का दर्जा दिलाने के संवेदनशील मुद्दे को हवा दी. पार्टी को उम्मीद है कि झारखंड से जुड़ा यह भावनात्मक कार्ड उन्हें असम में ‘किंगमेकर’ की भूमिका में ला सकता है.
नामांकन के झटके और रणनीतिक चेहरे
नामांकन के दौरान पार्टी को बोकाजान जैसी महत्वपूर्ण सीट पर बड़ा झटका लगा, जहां प्रत्याशी प्रताप सिंह रोंगफर का पर्चा रद्द हो गया. बावजूद इसके, सोनारी से बलदेव तेली और चबुआ से भुबेन मुरारी जैसे मजबूत चेहरों ने चुनाव को दिलचस्प बना दिया है. इन सीटों पर झारखंडी मूल के मतदाताओं की खासी तादाद है.
राष्ट्रीय विस्तार का लिटमस टेस्ट
राजनीतिक पंडितों के अनुसार, यह चुनाव JMM के लिए केवल हार-जीत का सवाल नहीं, बल्कि राष्ट्रीय पार्टी बनने की दिशा में एक ‘लिटमस टेस्ट’ है. यदि तीर-धनुष असम के बागानों में अपना प्रभाव छोड़ने में सफल रहा, तो यह पूर्वोत्तर भारत में झारखंडी राजनीति के एक नए अध्याय की शुरुआत होगी। फिलहाल, सबकी नजरें ईवीएम के पिटारे पर टिकी हैं.
कौन कौन से उम्मीदवार मैदान में हैं
सोनारी से बलदेव तेली, चबुआ से भुबेन मुरारी, डुमडुमा से रत्नाकर तांती, डिगबोई से भरत नायक, बिस्वनाथ से तेहारु गौर, खुमटाई से अमित नाग, डुलियाजान से पीटर मिंज, मर्गेरिटा से जरनैल मिंज, तिंगखोंग से महाबीर बास्के, नहरकटिया से संजय बाघ, माकुम से मुना कर्माकर, मजबत से प्रीति रेखा बारला, बरचला से अब्दुल मजान, रंगापाड़ा से मैथ्यू टोपनो और बोकाजान से प्रताप सिंह रोंगफर मैदान में हैं
Also Read: भवानीपुर में ममता vs शुभेंदु, बहरामपुर से दमदम तक बंगाल की VIP सीटों पर किसका होगा कब्जा?
