Table of Contents
Messi India Tour: अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी के कार्यक्रम के दौरान कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में मची अफरा-तफरी का मामला सोमवार को हाईकोर्ट तक पहुंच गया. कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पाल ने इस घटना से संबंधित 3 अलग-अलग जनहित याचिकाओं को दायर करने की अनुमति दी. इन याचिकाओं में अदालत से स्टेडियम में अफरा-तफरी की जांच को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) जैसी केंद्रीय एजेंसियों को सौंपने के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया गया है.
शुभेंदु अधिकारी समेत 3 लोगों ने कलकत्ता हाईकोर्ट में दायर की याचिका
पश्चिम बंगाल के विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी और अधिवक्ताओं सब्यसाची चट्टोपाध्याय और मैनाक घोषाल की ओर से दायर अलग-अलग याचिकाओं पर इस सप्ताह के अंत में अदालत में एक साथ सुनवाई की संभावना है. अधिकारी की ओर से पेश अधिवक्ता बिलवादल भट्टाचार्य ने शनिवार को मची अफरा-तफरी के कारणों का पता लगाने के लिए अदालत के हस्तक्षेप का अनुरोध करते हुए याचिका दायर करने की अनुमति मांगी.
Messi India Tour: बंगाल सरकार की ओर से बनी 3 सदस्यीय जांच कमेटी को भी चुनौती
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा सेवानिवृत्त न्यायाधीश आशीष कुमार राय की अध्यक्षता वाली 3 सदस्यीय जांच समिति को भी चुनौती दी है. याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुई घटना की वजह से पश्चिम बंगाल को पूरी दुनिया के सामने शर्मिंदगी उठानी पड़ी.
झारखंड की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
वकीलों का दावा- जल्दबाजी में किया गया समिति का गठन
अन्य 2 याचिकाओं में दावा किया गया है कि बंगाल सरकार की ओर से नियुक्त समिति का गठन जल्दबाजी में किया गया था. इस याचिका में यह भी अनुरोध किया गया है कि टिकटों की बिक्री में संभावित वित्तीय अनियमितताओं और आयोजन से जुड़े संदिग्ध मौद्रिक लेन-देन की भी जांच की जानी चाहिए.
टिकटों की बिक्री और वितरण करने वालों के खाते कुर्क करने के आदेश
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच कर रही बिधाननगर की एक अदालत ने टिकटों की बिक्री और वितरण के लिए जिम्मेदार संगठन के बैंक खातों को कुर्क करने का आदेश दिया है. संगठन तथा कार्यक्रम के मुख्य आयोजक शताद्रु दत्ता के बीच वित्तीय लेन-देन को रोकने का निर्देश दिया है. शताद्रु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.
मुख्यमंत्री ने दिये थे जांच के आदेश
उधर, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर समिति के गठन की घोषणा कर दी. ममता बनर्जी ने कहा कि समिति घटना की विस्तृत जांच करेगी और जिम्मेदारी तय करेगी. साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उपाय भी सुझायेगी.
इसे भी पढ़ें
Lionel Messi in India: किंग खान और मेसी की मुलाकात से बवाल! सोशल मीडिया पर Video हुए वायरल
