डायमंड हार्बर. छोटे बच्चों के पोषण को ध्यान में रखते हुए दक्षिण 24 परगना जिले के रायदिघी के एक प्राइमरी स्कूल ने मिड-डे मील में चावल के साथ कई तरह की मौसमी सब्जियां देने की पहल की है. बाजार में सब्जियों के आसमान छूते दाम से सभी रूबरू हैं. ऐसे में स्कूल में सब्जियों की खेती शुरू की गयी. स्कूल के प्रधानाध्यापक के नेतृत्व में छोटे बच्चे भी पढ़ाई के बाद फुर्सत के समय में सब्जी उगाने में अपना हाथ बंटा रहे हैं. बच्चे खुशी-खुशी मिड-डे मील में चावल के साथ उगाई हुई पौष्टिक सब्जियां खा रहे हैं. जिले के रायदिघी स्थित गिरिबाला आदर्श अवैतनिक प्राइमरी स्कूल की इस पहल की लोग सराहना कर रहे हैं. पढ़ाई के बीच स्कूल कैंपस में बैंगन, फूलगोभी, पत्तागोभी, कोलार्ड ग्रींस से लेकर टमाटर, बींस, लेट्यूस और धनिया तक सब कुछ उगाया जा रहा है. प्रधानाध्यापक व स्कूल के सभी शिक्षक व छात्र इस काम में मदद करते हैं. उन्होंने जो फल-सब्जियां खुद उगायी हैं, उन्हें हर दिन स्कूल के मिड-डे मील में परोसा जाता है. स्कूल के छात्र मौसमी सब्जियां खाने का मजा भी ले रहे हैं.
फूलों के बागीचे भी लोगों को कर रहे आकर्षित
केवल सब्जियों की खेती ही नहीं, स्कूल में परिसर में लगे रंग-बिरंगे फूलों के बगीचे भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं. स्कूल शुरू होने से पहले और छुट्टियों के बाद बच्चे अपने हाथों से सब्जियों और फूलों के बगीचों की देखभाल करते हैं. कुछ नया बनाने की खुशी एक ऐसी खुशी है, जिसे शिक्षक और माता-पिता बच्चों के साथ साझा कर रहे हैं.
