Table of Contents
Kolkata-Guwahati Sleeper Vande Bharat: मां काली की नगरी कोलकाता से मां कामाख्या की नगरी गुवाहाटी के बीच जल्द वंदे भारत स्लीपर ट्रेन दौड़ेगी. 18-19 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मां काली की नगरी कोलकता और मां कामाख्या की नगरी गुवाहाटी के बीच चलने वाली कोलकाता-गुवाहाटी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.
ट्रेन की खूबियां
- बेहतर कुशनिंग
- एर्गोनॉमिक रूप से डिजाइन किये गये बर्थ
- सुगम आवागमन के लिए वेस्टिब्यूल वाले स्वचालित दरवाजे
- बेहतर सस्पेंशन
- शोर कम करके बेहतर और आरामदायक यात्रा
- स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली (कवच)
- आपातकालीन टॉक-बैक प्रणाली
- उच्च स्वच्छता मानकों के लिए कीटाणुनाशक तकनीक
असम और बंगाल के बीच चलेगी देश की पहली स्लीपर वंदे भारत
नववर्ष 2026 के पहले दिन अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही कोलकाता और गुवाहाटी के बीच भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखायेंगे. रेल मंत्री वैष्णव ने कहा कि पश्चिम बंगाल के हावड़ा और असम के गुवाहाटी के बीच चलने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया हवाई यात्रा की तुलना में काफी कम होगा.
2-3 दिन में स्लीपर वंदे भारत की शुरुआत की तारीख की होगी घोषणा
रेल मंत्री ने कहा कि ये सेवाएं अगले 15-20 दिनों में, संभवतः 18 या 19 जनवरी के आसपास प्रारंभ हो जायेंगी. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से अनुरोध किया है और सब कुछ स्पष्ट है. वह अगले 2-3 दिन में स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत की तारीख की घोषणा करेंगे.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
Kolkata-Guwahati Sleeper Vande Bharat: 2300 से 3600 रुपए तक होगा स्लीपर वंदे भारत का किराया
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि गुवाहाटी-हावड़ा हवाई यात्रा का किराया लगभग 6,000 से 8,000 रुपए के बीच है. वंदे भारत में थर्ड एसी का किराया भोजन सहित लगभग 2,300 रुपए, सेकेंड एसी का किराया लगभग 3,000 रुपए और फर्स्ट एसी का किराया लगभग 3,600 रुपए होगा. उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग को ध्यान में रखकर किराया तय किया गया है. असम और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव इस वर्ष होने हैं.
ट्रेन में दिखेगी क्षेत्रीय आतिथ्य की झलक
ट्रेन की विशेषताओं के बारे में रेल मंत्री ने कहा है कि देश की पहली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन में क्षेत्रीय आतिथ्य की झलक भी देखने को मिलेगी. उन्होंने बताया है कि कोलकाता से चलने वाली ट्रेन में लोगों को बंगाली व्यंजन परोसे जायेंगे, तो गुवाहाटी से चलने वाली ट्रेन में असमिया भोजन की व्यवस्था होगी.
स्लीपर वंदे भारत के 16 डिब्बों में होंगी 823 सीटें
रेल मंत्री वैष्णव ने बताया कि ट्रेन में 16 डिब्बे होंगे. इसमें 11 डिब्बे थर्ड एसी, 4 डिब्बे सेकंड एसी और 1 डिब्बा फर्स्ट एसी का होगा. इन 16 डिब्बों में कुल 823 सीटें होंगी. इनमें से 611 सीटें थर्ड एसी में, 188 सेकेंड एसी में और 24 फर्स्ट एसी में होंगी.
ट्रेन में उपलब्ध सुविधाएं
ट्रेन में उपलब्ध अन्य विशेषताओं में बेहतर कुशनिंग के साथ एर्गोनॉमिक रूप से डिजाइन किये गये बर्थ, सुगम आवागमन के लिए वेस्टिब्यूल वाले स्वचालित दरवाजे, बेहतर सस्पेंशन और शोर कम करके बेहतर यात्रा आराम, स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली (कवच), आपातकालीन टॉक-बैक प्रणाली और उच्च स्वच्छता मानकों को बनाये रखने के लिए कीटाणुनाशक तकनीक शामिल हैं.
कीटाणुनाशक तकनीक का होगा इस्तेमाल
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्रकारों को बताया कि यह कीटाणुनाशक तकनीक 99.9 प्रतिशत रोगाणुओं को नष्ट कर देगी. इसी तकनीक का उपयोग वंदे भारत चेयर-कार संस्करण में भी किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें
हावड़ा-गया वंदे भारत एक्सप्रेस गिरिडीह-मधुपुर रूट से चलाने की तैयारी में रेल प्रशासन
पटरी पर जल्द दौड़ेगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, बंगाल के उत्तरपाड़ा में बनेंगी 80 गाड़ियों की बोगियां
