UP Home Guard Recruitment : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के दौरान एक अभ्यर्थी की मौत हो गई थी . इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद जांच का रुख बदल गया है. सीतापुर निवासी 25 वर्षीय योगेंद्र सिंह की 15 सितंबर को महानगर स्थित 35वीं वाहिनी पीएसी ग्राउंड में दौड़ के दौरान मौत हो गई थी. शुरुआत में परिजनों को बताया गया था कि दौड़ के दौरान योगेंद्र अचानक गिर पड़े थे. इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह दम घुटना बताई गई है.
गले में फंसी थी प्लास्टिक की बोतल
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, योगेंद्र के गले में करीब 250 एमएल की प्लास्टिक की बोतल फंसने के कारण दम घुटने की बात सामने आई है. इसके अलावा उनके शरीर पर चोट के 12 निशान भी मिले हैं. रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है.
CCTV फुटेज में क्या दिखा?
घटना से जुड़ा एक CCTV फुटेज भी सामने आया है. इसमें योगेंद्र भर्ती की दौड़ में शामिल होकर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं. कुछ देर बाद वह अचानक लड़खड़ाकर जमीन पर गिर जाते हैं. वीडियो में उनके साथ दौड़ रहा एक युवक उन्हें संभालता हुआ दिखाई देता है. इसके बाद योगेंद्र कुछ देर नीचे बैठते हैं और फिर दोबारा दौड़ने की कोशिश करते नजर आते हैं.
15 सितंबर को हुई थी मौत
योगेंद्र सिंह सीतापुर के रामकोट क्षेत्र के मढ़िया रहीमपुर के रहने वाले थे. 15 सितंबर को होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में दौड़ के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी. इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. 18 सितंबर को सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना बताया गया. साथ ही शरीर पर 12 जगह चोट के निशान मिलने की बात सामने आई.
अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया है. अब पुलिस CCTV फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि योगेंद्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उनकी मौत में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं.
