नोवामुंडी से सुबोध की रिपोर्ट
Noamundi News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत महुदी ग्राम पंचायत के भट्टीसाई टोला में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में पीएबीएम हाई स्कूल नोवामुंडी की कक्षा नौवीं की छात्रा निकिता बोबोंगा (15) गंभीर रूप से घायल हो गई. बताया जा रहा है कि वह मेमू ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसका बाँया पैर एड़ी के पास से कटकर अलग हो गया. हादसे में उसके माथे पर भी गंभीर चोट लगी है. घटना शनिवार करीब 8:30 बजे की है.
स्थानीय लोगों ने दिखाई मानवता
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए गंभीर रूप से घायल निकिता को तत्काल मोटरसाइकिल पर बैठाकर इलाज के लिए टीएमएच नोवामुंडी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचते ही इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों की टीम ने उसका इलाज शुरू किया. अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण अस्पताल परिसर में भी खून फैल गया था.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टाटानगर से बड़बिल जा रही मेमू ट्रेन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ. घायल छात्रा की मां ने बताया कि निकिता शौच के लिए घर से बाहर निकली थी, तभी यह दुर्घटना हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. अस्पताल में माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. चिकित्सकों के अनुसार, निकिता की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है. वह बेहोशी की अवस्था में है और उसका इलाज जारी है. घटना की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में ग्रामीणों और परिचितों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.
यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति दुरुस्त रखने का निर्देश, JBVNL निदेशक ने किया सबस्टेशनों का निरीक्षण
यह भी पढ़ें: झारखंड में बालू को लेकर बड़ा खेल, स्टॉक यार्ड में बालू ही नहीं तो नीलामी का टेंडर कैसे निकाला
यह भी पढ़ें: Gumla: सजा नहीं, अब ‘सुधार गृह’ के रूप में विकसित होंगे सभी कारागार, बोले- आईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल
