सिमडेगा : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत जिले में मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया जारी है. इसी क्रम में 22 और 23 अगस्त को सिमडेगा जिले के 70-सिमडेगा एवं 71-कोलेबिरा विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर द्वितीय विशेष कैंप का आयोजन किया गया. कैंप में बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर मौजूद रहे तथा पात्र नागरिकों से आवश्यक प्रपत्र प्राप्त किए गए.
नये मतदाताओं से लिये गये फॉर्म-6
कैंप के दौरान वैसे नागरिक जिनकी आयु 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है, उनसे मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 प्राप्त किया गया. इसके माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का अवसर दिया गया.
ये भी पढ़ें- बानो में हाथियों का आतंक बरकरार, घर क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों में दहशत
एक ही मतदान केंद्र पर परिवार के मतदाताओं को रखने की पहल
परिवार के सभी मतदाताओं के नाम एक ही मतदान केंद्र पर रखने के उद्देश्य से फॉर्म-8 भी प्राप्त किए गए. विभागीय निर्देश के अनुसार परिवार के मतदाता सदस्यों को यथासंभव एक ही मतदान केंद्र से संबद्ध करने की प्रक्रिया के तहत यह अभियान चलाया गया.
15 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दावा एवं आपत्ति की अवधि 5 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक निर्धारित की गई है. प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपने नाम और विवरण की जांच कर लें. नाम जोड़ने, विवरण में सुधार या स्थानांतरण से संबंधित किसी भी आवश्यकता के लिए निर्धारित अवधि में संबंधित प्रपत्र के माध्यम से दावा या आपत्ति दर्ज कराएं.
ये भी पढ़ें- नाबालिग ने दिया मृत नवजात को जन्म, आरोपी महिला गिरफ्तार; आंगन में दफन था शव
