सिमडेगाः कोलेबिरा प्रखंड के लचरागढ़ पंचायत क्षेत्र अंतर्गत कोम्बाकेरा में आयोजित स्व. मुनेश्वर सिंह स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा. कोलेबिरा विधायक नमन बिक्सल कोनगाड़ी के सौजन्य से आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में सलन ब्रदर बीरता ने लमडेगा एफसी को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया.
ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक नृत्य से हुआ अतिथियों का स्वागत
फाइनल समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कोलेबिरा विधायक नमन बिक्सल कोनगाड़ी मौजूद रहे. विशिष्ट अतिथियों में स्व. मुनेश्वर सिंह के पुत्र राजकिशोर सिंह, जिला विधायक प्रतिनिधि रावेल लकड़ा, मोहम्मद शमी आलम और कांग्रेस महिला नेत्री फुलकेरिया डांग शामिल रहीं. अतिथियों का स्वागत पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और नृत्य के साथ किया गया. इसके बाद स्वागत गान और पुष्पमाला पहनाकर अतिथियों का अभिनंदन किया गया. फाइनल मैच की शुरुआत स्व. मुनेश्वर सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद हुई. दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया. कड़े मुकाबले के बाद सलन ब्रदर बीरता ने 1-0 से जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया.
विजेता को 31 हजार और उपविजेता को 21 हजार रुपए
समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता सलन ब्रदर बीरता की टीम को 31 हजार रुपए नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया. वहीं उपविजेता लमडेगा एफसी को 21 हजार रुपए नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई. तृतीय और चतुर्थ स्थान पर रहने वाली टीमों को पांच-पांच हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया. प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया. मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट डिफेंडर, बेस्ट गोलकीपर और अनुशासित टीम को एक-एक सेट जर्सी देकर सम्मानित किया गया.
ये भी पढ़ें- रांची में 6 साल की बच्ची से छेड़छाड़ का आरोप, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
खेल युवाओं को अनुशासन और सकारात्मक सोच सिखाता है
आयोजन समिति के युवा प्रखंड अध्यक्ष सह खेल समिति सचिव निलय प्रेम तिर्की ने मुख्य अतिथि विधायक नमन बिक्सल कोनगाड़ी और सभी अतिथियों का स्वागत किया. उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया. स्व. मुनेश्वर सिंह के पुत्र राजकिशोर सिंह ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, एकता और सकारात्मक सोच की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है. उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए आयोजन समिति और सहयोगियों के प्रति आभार जताया.
मौके पर विधायक ने खिलाड़ियों को दी बधाई
विधायक नमन बिक्सल कोनगाड़ी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं की प्रतिभा को आगे आने का अवसर मिलता है. उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि खेल से शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास होता है और यह हमें अनुशासन सिखाता है.
मौके पर कांग्रेस महिला नेत्री फुलकेरिया डांग, जमीर अहमद, जमीर खान, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष राकेश कोनगाड़ी, जोसेफ सोरेंग, सुरेश द्विवेदी, श्याम सुंदर आचार्य, युवा अध्यक्ष अमृत डुंगडुंग, अंथोनी बघवार, कुलदीप सोरेंग, भूतपूर्व सैनिक मोनराज बघवार, सचिव निलय प्रेम तिर्की, खेल अध्यक्ष निर्मल डुंगडुंग, खेल कोषाध्यक्ष अजीत केरकेट्टा सहित खेल समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें- ईद मिलादुन्नबी को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील
