सिमडेगा: सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने अपने आवास पर बैठक कर विशेष रक्त संग्रह अभियान चलाने का निर्णय लिया. बैठक में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने पर चर्चा हुई.
पांचों प्रखंडों में लगेंगे रक्तदान शिविर
विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने कहा कि क्षेत्र में रक्त की कमी दूर करने के लिए अल-फलाह सोसाइटी ब्लड डोनर ग्रुप, सिमडेगा के साथ मिलकर विशेष अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के पांचों प्रखंडों में रक्तदान शिविर आयोजित किये जायेंगे. अभियान की शुरुआत जल्द ही कोलेबिरा प्रखंड से की जाएगी.
ये भी पढ़ें- पोखरा में डूबने से व्यक्ति की मौत, एक दिन बाद मिला शव
जरूरतमंदों तक रक्त पहुंचाने में जुटी है सोसाइटी
विधायक ने कहा कि अल-फलाह सोसाइटी लंबे समय से जरूरतमंद मरीजों तक रक्त पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रही है. क्षेत्र के लोग भी इस अभियान से जुड़कर रक्त संग्रह में सहयोग करें, ताकि जरूरत के समय किसी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े.
स्वस्थ लोगों से रक्तदान की अपील
अल-फलाह सोसाइटी ब्लड डोनर ग्रुप के केंद्रीय अध्यक्ष खुबैब शाहिद ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है. रक्त की जरूरत किसी को भी और कभी भी पड़ सकती है. इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए. बैठक में मो समी आलम, मो जमीर, राकेश कोंगाड़ी, जमीर खान, रशीदा खलीफा सहित अन्य लोग मौजूद थे.
ये भी पढ़ें- नाबालिग ने दिया मृत नवजात को जन्म, आरोपी महिला गिरफ्तार; आंगन में दफन था शव
