सिमडेगा. महाराष्ट्र में 12 से 23 अगस्त तक आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 में झारखंड महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हॉकी पंजाब को 3-1 गोल से पराजित कर लगातार दूसरी जीत दर्ज की. इस जीत के साथ झारखंड की टीम अपने पूल में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर गई.
पंजाब की शुरुआती बढ़त के बाद झारखंड ने पलटा मैच
मैच की शुरुआत में पंजाब ने आक्रामक खेल दिखाया और सातवें मिनट में फील्ड गोल कर 1-0 की बढ़त बना ली. हालांकि झारखंड की खिलाड़ियों ने दबाव में आए बिना शानदार वापसी की। 23वें मिनट में कप्तान रजनी केरकेट्टा ने बेहतरीन फील्ड गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया. इसके बाद झारखंड ने लगातार आक्रमण जारी रखा. 36वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर को पुष्पा डांग ने गोल में तब्दील कर टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई. मैच के अंतिम दौर में 58वें मिनट में सलोमी नाग ने शानदार फील्ड गोल करते हुए झारखंड की बढ़त 3-1 कर दी. अंत तक पंजाब की टीम वापसी नहीं कर सकी.
जिरेन सोय बनीं प्लेयर ऑफ द मैच
इससे पहले झारखंड ने अपने पहले मुकाबले में हॉकी चंडीगढ़ को 6-0 से करारी शिकस्त दी थी. पंजाब के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के लिए झारखंड की डिफेंडर जिरेन सोय को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. क्वार्टर फाइनल में प्रवेश पर हॉकी सिमडेगा, हॉकी झारखंड एवं खेल विभाग के पदाधिकारियों ने पूरी टीम को बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं.
ये भी पढ़ें: मेडिकल कैंप लगाकर कांवरिया बंधुओं की सेवा कार्य किया बंगाली एसोसिएशन
झारखंड टीम
गंगी बरला, सोनाली तिर्की, सरोज कुमारी, जिरेन सोय, एस्थर होरो, संगीता कुमारी, अनीषा कुल्लू, सलोमी नाग, गुलजन कुमारी, रजनी केरकेट्टा, पुष्पा डांग, अनुप्रिया सोरेंग, रीना कुल्लू, स्वीटी डुंगडुंग, सरोज मुंडरी, सुकरमनी मुंडू, लियोनी हेमरोम एवं जमुना कुमारी.
ये भी पढ़ें: सिमडेगाः सड़क पर घायल पड़ा था युवक, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
