सिमडेगा. सिमडेगा के संत अन्ना महागिरजाघर सामटोली के सभागार में आगामी 17 से 20 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले 5वें झान यूथ कन्वेंशन 2026 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक में झान यूथ कमेटी तथा सिमडेगा धर्मप्रांत की यूथ कमेटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने महासम्मेलन को सफल बनाने के लिए विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की.
संचालन और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विमर्श
बैठक के दौरान यूथ कन्वेंशन की संचालन व्यवस्था, मेडिकल सुविधा, कार्यक्रमों की रूपरेखा और अन्य आवश्यक तैयारियों पर गहन विचार-विमर्श किया गया. इस मौके पर झान के चेयरमैन बिशप लिनुस पिंगल एक्का ने कहा कि यह यूथ कन्वेंशन कलीसिया के युवाओं के लिए एक मिसाल बनेगा. उन्होंने बताया कि सम्मेलन के माध्यम से युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन और भविष्य के लिए सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है.
विभिन्न ज्ञानवर्धक विषयों पर होगी चर्चा
युवा पीढ़ी को ध्यान में रखते हुए कन्वेंशन में कई ज्ञानवर्धक विषयों को शामिल किया गया है, ताकि युवा अपनी रुचि के अनुसार विषयों का चयन कर उन पर विशेष शिक्षा और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें. सम्मेलन में युवाओं की धार्मिक व राजनीतिक सहभागिता तथा करियर निर्माण जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किये जायेंगे. साथ ही, इस आयोजन को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए सभी संबंधित समितियां मिलकर कार्य कर रही हैं और कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार की भी तैयारी की जा रही है.
बैठक में इनकी रही उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण बैठक में गुमला धर्मप्रांत से झान के चेयरमैन बिशप लिनुस पिंगल एक्का, डायरेक्टर फादर मसीह प्रकाश सोय, प्रेसिडेंट जेवियर एक्का, सिमडेगा डायसिस के डायरेक्टर फादर आनंद प्रकाश बा, सामटोली पारिश कैथोलिक सभा के अध्यक्ष राजन बा, महिला संघ की सभानेत्री कैथरीन खेस सहित विभिन्न डायसिस से पहुंचे युवा एवं धर्मसंघी उपस्थित थे.
