सिमडेगा. झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार का आकस्मिक निधन हो गया है. इस खबर से झारखंड का खेल जगत शोक में डूब गया. उनके निधन पर हॉकी सिमडेगा के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, पदाधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, सिमडेगा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की.
हॉकी सिमडेगा द्वारा आयोजित 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला महिला एवं पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2026 के तहत रविवार को दोनों स्टेडियमों में मैच खेले जा रहे थे. मंत्री के निधन की खबर मिलते ही आज के सभी मुकाबले तत्काल स्थगित कर दिए गए. मैच खेलने के लिए स्टेडियम पहुंच चुकी टीमों को भी वापस भेज दिया गया. मैचों को स्थगित करने के बाद, हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारी और खिलाड़ी दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि देने के लिए एक श्रद्धांजलि सभा में एकत्र हुए.
श्रद्धांजलि सभा में हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी, तकनीकी समिति प्रमुख पैंक्रेसियस टोप्पो सहित हॉकी से जुड़े कई पदाधिकारी, कोच, मैनेजर एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे. सिमडेगा निवासी और प्रतिष्ठित वैज्ञानिक डॉ. सिद्धार्थ कुमार प्रसाद ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि मंत्री जी खेल के प्रति काफी संवेदनशील थे और उनके निधन से खेल जगत को एक बड़ी क्षति हुई है.
मनोज कोनबेगी ने कहा कि सुदिव्य कुमार का निधन झारखंड के लिए बड़ी क्षति है. वे खेल और खिलाड़ियों के प्रति बेहद संवेदनशील थे तथा खेल विकास से जुड़े विषयों पर समय-समय पर उनसे चर्चा करते थे. उन्होंने कहा कि उनके निधन से झारखंड ने एक संवेदनशील जनप्रतिनिधि और खेल हितैषी व्यक्तित्व खो दिया है. आयोजन समिति ने मंत्री के सम्मान में 6 और 7 सितंबर के सभी हॉकी मैच स्थगित करने की घोषणा की है.
