सिमडेगा रविकांत साहू की रिपोर्ट
सिमडेगा. तामड़ा पल्ली परिसर में रविवार को कैथोलिक महिला संघ और कैथोलिक सभा की संयुक्त बैठक हुई. बैठक में आगामी 19 और 20 सितंबर को आयोजित होने वाली हॉकी प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर चर्चा की गयी.
पुरुषों के लिए हॉकी, महिलाओं की होगी नृत्य प्रतियोगिता
बताया गया कि प्रतियोगिता में पुरुषों के लिए हॉकी और महिलाओं के लिए सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी.
खेल और संस्कृति को बताया समाज को जोड़ने का माध्यम
बैठक में डीन फादर हेरमन खलखो, पल्ली पुरोहित फादर पौलूस तथा कैथोलिक महिला संघ की सभा नेत्री सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा ने अपने विचार रखे. जोसिमा खाखा ने कहा कि खेल और संस्कृति समाज को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं. हॉकी सिमडेगा की पहचान है और इसके माध्यम से क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है. वहीं सांस्कृतिक नृत्य हमारी परंपरा और विरासत को जीवंत रखने का काम करता है.
‘उद्देश्य केवल जीत-हार नहीं’
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल जीत-हार नहीं बल्कि आपसी भाईचारा, एकता और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना भी है. उन्होंने सभी प्रतिभागियों से पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील की. साथ ही आयोजन को सफल बनाने के लिए समाज के सभी लोगों से सहयोग करने का आह्वान किया.
बैठक में ये लोग रहे उपस्थित
बैठक में कैथोलिक सभा के अध्यक्ष लूसियन मिंज सहित महिला संघ, कैथोलिक सभा एवं पल्ली के कई सदस्य उपस्थित थे.
