विधानसभा घेराव को लेकर प्रशासन सख्त, रांची जाने वाली बसों के परिचालन पर रोक, बस स्टैंड में खड़ी रहीं गाड़ियां

झारखंड विधानसभा घेराव के चलते सिमडेगा से रांची जाने वाली बसों का परिचालन प्रशासन ने बंद कर दिया, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

सिमडेगाः झारखंड विधानसभा घेराव के आह्वान को लेकर जिला प्रशासन ने सिमडेगा से रांची जाने वाली यात्री बसों के परिचालन पर रोक लगा दी. सोमवार को अहले सुबह से रांची की ओर जाने वाली नॉन-स्टॉप और स्टॉपेज वाली बसों का परिचालन पूरी तरह बंद रहा. बताया गया कि रविवार दोपहर बाद से ही बसों के परिचालन पर रोक लगा दी गई थी.

जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में छात्र संगठनों ने 10 अगस्त को झारखंड विधानसभा घेराव का कार्यक्रम घोषित किया था. इसमें शामिल होने के लिए सिमडेगा से भी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद समेत विभिन्न छात्र संगठनों के छात्र-छात्राओं के रांची जाने की संभावना थी. इसे देखते हुए प्रशासन ने रांची जाने वाले मार्ग पर निगरानी बढ़ा दी.

ये भी पढ़ें- JPSC परीक्षा गड़बड़ी मामले में अब ED की एंट्री, PMLA के तहत केस दर्ज

बस स्टैंड में खड़ी रहीं बसें

बसों का परिचालन बंद रहने से सिमडेगा बस स्टैंड में सुबह से ही कई बसें खड़ी रहीं. रांची के अलावा अन्य स्थानों की यात्रा करने वाले छात्र-छात्राओं और आम यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. परिचालन बंद होने की पूर्व जानकारी नहीं होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में यात्री बस स्टैंड पहुंचे. यहां पहुंचने के बाद उन्हें बसों का परिचालन बंद होने की जानकारी मिली. यात्रियों ने बताया कि उन्हें रांची सहित अन्य स्थानों पर जरूरी काम से जाना था, लेकिन बस सेवा बंद रहने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा. बस स्टैंड में पूछताछ करने पर यात्रियों को बताया गया कि प्रशासन के आदेश पर बसों का परिचालन रोका गया है.

ये भी पढ़ें- गुमला सदर थाना के नए थाना प्रभारी बने दिनेश कुमार

पुलिस लाइन के पास सघन जांच

रांची जाने वाले छात्र-छात्राओं को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने अहले सुबह से ही सघन जांच अभियान चलाया. पुलिस लाइन के पास अंचल अधिकारी इम्तियाज अहमद की मौजूदगी में पुलिस जवानों ने वाहनों की गहन तलाशी ली. करीब 3.30 बजे भोर से ही जांच अभियान शुरू कर दिया गया था. जांच के दौरान रांची की ओर जाने वाले छोटे वाहनों को भी रोककर उनकी तलाशी ली गई. संदेह होने पर कई वाहनों को वापस लौटा दिया गया. सुबह से रांची जाने वाली करीब 70 बसों का परिचालन प्रभावित रहा. बस सेवा बंद रहने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ravikant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >