खरसावां: सावन माह के पावन अवसर पर शुक्रवार को खरसावां से लगभग 50 कांवरियों का जत्था बाबा वैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुआ. श्रद्धालुओं को पूर्व विधायक मंगल सोय समेत स्थानीय लोगों ने मंगलकामनाओं के साथ विदाई दी. इस दौरान पूरा वातावरण 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से भक्तिमय हो उठा.
कांवरिया पहले सुल्तानगंज पहुंचकर उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल उठाएंगे. इसके बाद लगभग 100 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर देवघर स्थित बाबा वैद्यनाथ मंदिर पहुंचेंगे, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे. श्रद्धालु यात्रा के दौरान क्षेत्र की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा, बेहतर फसल एवं सभी के कल्याण की कामना करेंगे.
रवाना होने से पूर्व श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से यात्रा की सफलता और सभी कांवरियों की सुरक्षित यात्रा की प्रार्थना की. श्रद्धालुओं ने विश्वास जताया कि बाबा वैद्यनाथ की कृपा से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण होंगी.
