मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के लिए जिले के 45 विद्यालय चयनित

राज्य स्तर पर चयनित विद्यालयों को मिलेंगे दो लाख रुपये, स्वच्छता एवं हरित पहल पर होगी राशि खर्च

बोरियो

साहिबगंज जिले के नौ प्रखंडों के 45 विद्यालयों का चयन वित्तीय वर्ष 2025-26 के मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के लिए किया गया है. इनमें तीन विद्यालय राज्य स्तरीय पुरस्कार, एक विद्यालय प्रमंडल स्तरीय पुरस्कार, शहरी क्षेत्र के तीन विद्यालय, नौ विद्यालय प्रखंड स्तरीय तथा 29 विद्यालय पंचायत स्तरीय पुरस्कार के लिए चयनित किये गये हैं. शिक्षा विभाग की बीपीओ राजेश्वरी सिन्हा ने बताया कि जिले के 45 विद्यालयों का मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के लिए चयन होना गौरव और हर्ष का विषय है. उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर चयनित विद्यालयों को पुरस्कार स्वरूप 10 हजार रुपये प्रदान किये जाएंगे. वहीं शहरी क्षेत्र के विद्यालयों तथा प्रखंड स्तर पर ग्रामीण क्षेत्र के चयनित विद्यालयों को 75-75 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी. इसके अतिरिक्त प्रमंडल स्तर पर चयनित विद्यालय को एक लाख रुपये तथा राज्य स्तर पर चयनित विद्यालयों को दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी. उन्होंने बताया कि पुरस्कार के रूप में प्राप्त राशि का उपयोग विद्यालयों में जल, ऊर्जा एवं अपशिष्ट प्रबंधन, ईको क्लब की गतिविधियों, हरित एवं पोषण पहल, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, विद्यालय सुरक्षा, नियोजन एवं जागरूकता अभियानों तथा आवश्यक अभिलेखों के संधारण पर किया जाएगा. राजेश्वरी सिन्हा ने कहा कि पुरस्कार राशि से किये जाने वाले किसी भी कार्य की योजना को विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में प्रस्ताव पारित कर स्वीकृत कराना अनिवार्य होगा. सामग्री क्रय अथवा निर्माण कार्य में सरकार की वित्तीय नियमावली के अनुसार पूर्ण पारदर्शिता बरती जाएगी. उन्होंने बताया कि प्रत्येक विद्यालय को कार्य पूर्ण होने के बाद व्यय की गयी राशि का उपयोगिता प्रमाण-पत्र, संबंधित वाउचर तथा कार्य शुरू होने से पूर्व और कार्य पूर्ण होने के बाद के फोटोग्राफ ऑडिट के लिए सुरक्षित रखने होंगे. इसकी एक प्रति प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के माध्यम से जिला कार्यालय को भी उपलब्ध करानी होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ABDHESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >