तीनपहाड़ . मालदा रेल मंडल के तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर आरपीएफ ने शुक्रवार को जागरूकता सह जांच अभियान चलाया . वरीय अधिकारियों के निर्देश पर चलाये गये अभियान के दौरान रेल लाइन पार कर प्लेटफॉर्म बदलने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गयी . आरपीएफ ने छह यात्रियों से जुर्माना वसूला . वहीं, स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वाले एक यात्री पर भी जुर्माना लगाया गया .
पैदल पुल की जगह रेल पटरी पार कर रहे थे यात्री
आरपीएफ लगातार यात्रियों से रेल लाइन पार करने के बजाय पैदल पुल का इस्तेमाल करने की अपील कर रही है . इसके बावजूद कई यात्री प्लेटफॉर्म नंबर दो से एक और प्लेटफॉर्म नंबर एक से दो जाने के लिए सीधे रेल पटरी पार करते मिले .
आरपीएफ ने ऐसे यात्रियों को रोककर रेल पटरी पार करने के खतरों के बारे में जानकारी दी और नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाया .
छह यात्रियों से तीन हजार रुपये वसूले
शुक्रवार को जांच के दौरान रेल लाइन पार करते पकड़े गये छह यात्रियों पर 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया गया . इस तरह उनसे कुल तीन हजार रुपये जुर्माना वसूला गया .
आरपीएफ ने यात्रियों को समझाया कि रेल पटरी पार करना जानलेवा साबित हो सकता है . यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म बदलने के लिए हमेशा पैदल पुल का ही इस्तेमाल करना चाहिए .
स्टेशन पर गंदगी फैलाने पर भी कार्रवाई
जांच के दौरान स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वाले एक यात्री को भी पकड़ा गया . आरपीएफ ने उस पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया . अभियान के दौरान कुल 3,200 रुपये जुर्माना वसूला गया .
आरपीएफ ने यात्रियों से स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और रेल लाइन पार नहीं करने की अपील की है . अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा . रेल लाइन पार करने के बजाय पैदल पुल का इस्तेमाल करने और स्टेशन परिसर में गंदगी नहीं फैलाने को लेकर यात्रियों को जागरूक किया जायेगा .
अभियान के दौरान बरहरवा आरपीएफ पोस्ट के एसआई एके दुबे, सूरज प्रसाद यादव, अमरेश कुमार समेत अन्य जवान मौजूद रहे .
