बरहेट. सावन के तीसरे सोमवार को बाबा गाजेश्वरनाथ धाम (शिवगादी) में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद एवं नदिया जिले से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवरिये गंगाजल लेकर शिवगादी पहुंचे. भक्तों ने बाबा गाजेश्वरनाथ का विधिवत गंगाजल, दूध, पुष्प एवं भांग से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की.
सुबह से ही लगी रही भक्तों की लंबी कतार
सावन की तीसरी सोमवारी पर सुबह से ही बाबा गाजेश्वरनाथ मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतार लगी रही. श्रद्धालुओं को मंदिर के स्वयंसेवकों और पुलिस जवानों ने बारी-बारी से गर्भगृह में प्रवेश कराया और पूजन की व्यवस्था सुनिश्चित की. इस दौरान हर-हर महादेव, बोल बम और जय बाबा गाजेश्वरनाथ धाम के जयघोष से पूरा शिवगादी क्षेत्र भक्तिमय हो उठा. श्रद्धालुओं में बाबा के दर्शन और जलार्पण को लेकर काफी उत्साह देखा गया.
नंदी बाबा के खुर चिह्न पर भी श्रद्धालुओं ने की पूजा
बाबा गाजेश्वरनाथ का जलार्पण करने के बाद श्रद्धालु ऊपर पहाड़ में स्थित नंदी बाबा के खुर चिह्न के पास भी पहुंचे. यहां भक्तों ने विधिवत पूजन कर अपनी आस्था प्रकट की. जलार्पण और पूजा के बाद श्रद्धालुओं में प्रसन्नता का भाव नजर आया.
तीसरी सोमवारी पर करीब 70 हजार भक्तों ने किया जलार्पण
मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार, तीसरी सोमवारी पर करीब 70 हजार शिव भक्तों ने बाबा गाजेश्वरनाथ का जलार्पण किया. बांग्ला कैलेंडर के अनुसार अंतिम सोमवारी होने के कारण भी शिवगादी में भक्तों की अपार भीड़ नजर आयी. बड़ी संख्या में कांवरियों के पहुंचने से पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा.
कांवर और भगवा ध्वज से सजा बरहेट-बरहरवा मुख्य मार्ग
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण बरहेट-बरहरवा मुख्य मार्ग दिनभर शिवभक्तों से पटा रहा. हाथों में कांवर और भगवा ध्वज लिए श्रद्धालुओं ने धार्मिक माहौल को और भक्तिमय बना दिया. दूर-दराज से पहुंचे कांवरियों के जत्थों से मार्ग पर लगातार चहल-पहल बनी रही.
सेवा शिविर में जुटी रही श्रद्धालुओं की भीड़
शिवगादी मंदिर में स्वास्थ्य कर्मी दिनभर शिवभक्तों के उपचार में जुटे रहे. मंदिर की ओर से लगाए गए सेवा शिविर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही. प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की व्यवस्थाओं के बीच सुगम जलार्पण के बाद भक्तों के चेहरे पर प्रसन्नता नजर आयी.
विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
विधि-व्यवस्था को लेकर बोरियो प्रभाग के इंस्पेक्टर नुनुदेव राय एवं थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय नजर आयी. मंदिर परिसर से लेकर बरहेट-बरहरवा तक तैनात जवानों ने भीड़ नियंत्रण, कांवरियों के आवागमन और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी. पुलिस की सक्रियता के बीच श्रद्धालुओं ने सुगमता से बाबा गाजेश्वरनाथ का जलार्पण किया.
